घटिया ईंटों से बन रही प्राथमिक शाला की बिल्डिंग, ग्रामीणों ने जताई नाराज़गी
तहसील भरतपुर जिला मनेंद्रगढ़ छत्तीसगढ़

घटिया ईंटों से बन रही प्राथमिक शाला की बिल्डिंग, ग्रामीणों ने जताई नाराज़गी
(पढिए जिला एमसीबी ब्यूरो चीफ मनमोहन सांधे की खास खबर)
भरतपुर (एमसीबी)।
विकासखंड भरतपुर अंतर्गत ग्राम पंचायत फुलझर के आश्रित ग्राम शिव टोला में निर्माणाधीन प्राथमिक पाठशाला भवन पर घटिया सामग्री के उपयोग का आरोप लगाया गया है।
ग्रामीणों का कहना है कि निर्माण कार्य में इतनी खराब गुणवत्ता की ईंटें लगाई जा रही हैं कि हाथ से दबाते ही टूट जाती हैं।

ग्रामीणों ने आशंका जताई कि यदि इसी तरह से निर्माण हुआ तो आने वाले समय में भवन कितने दिनों तक टिक पाएगा और बच्चों की सुरक्षा खतरे में रहेगी।
जिला पंचायत सदस्य श्रीमती सुखमंती सिंह, आम आदमी पार्टी के जिला अध्यक्ष रमाशंकर मिश्रा एवं स्थानीय ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य को तत्काल बंद करने की बात कही। उन्होंने साफ कहा कि यदि कार्य जारी रखना है तो उच्च गुणवत्ता की ईंट एवं सामग्री का उपयोग किया जाए।

ग्रामीणों का आरोप है कि सरकार बच्चों की शिक्षा और भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है
तथा प्रशासन गरीब जनता की आवाज को अनसुना कर रहा है। उनका कहना है कि शिक्षा मंदिर की नींव मजबूत होनी चाहिए, लेकिन इस तरह घटिया सामग्री से बनी इमारत बच्चों के लिए खतरा साबित होगी।

ग्रामवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि निर्माण कार्य की तत्काल जांच करवाई जाए और संबंधित एजेंसी के खिलाफ कड़ी कार्यवाही की जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की लापरवाही दोबारा न हो।




