आम आदमी पार्टी ने बताया शराब नीति मामले में अदालत का फैसला ‘संविधान एवं सत्य की जीत
जिला रायपुर छत्तीसगढ़

आम आदमी पार्टी ने बताया शराब नीति मामले में अदालत का फैसला ‘संविधान एवं सत्य की जीत
(पढिए जिला एमसीबी ब्यूरो चीफ मनमोहन सांधे की खास खबर)
रायपुर, 27 फरवरी 2026।
आम आदमी पार्टी छत्तीसगढ़ ने शराब नीति प्रकरण में अदालत द्वारा पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और वरिष्ठ नेता मनीष सिसोदिया सहित अन्य आरोपितों को बाइज्जत बरी किए जाने को “बाबा साहेब के संविधान, सत्य और न्याय की ऐतिहासिक विजय” बताया है। पार्टी नेताओं ने कहा कि यह फैसला न केवल दो नेताओं की प्रतिष्ठा की पुनर्स्थापना है, बल्कि लोकतांत्रिक मूल्यों और न्यायपालिका की निष्पक्षता में जनता के विश्वास को भी मजबूत करता है।
पार्टी द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया कि 27 फरवरी 2026 को सीबीआई कोर्ट ने तथाकथित शराब नीति मामले में केजरीवाल और सिसोदिया सहित 23 लोगों को बरी करने का आदेश सुनाया। आम आदमी पार्टी का आरोप है कि इस प्रकरण में उसके शीर्ष नेताओं को राजनीतिक षड्यंत्र के तहत झूठे मामले में फंसाया गया था।

विज्ञप्ति में घटनाक्रम का उल्लेख करते हुए बताया गया कि 21 मार्च 2024 को प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार किया था। इसके बाद 26 जून 2024 को केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) ने उन्हें जेल से ही हिरासत में लिया। 23 जुलाई 2024 को वे जेल से बाहर आए और उसी दिन सुप्रीम कोर्ट से सीबीआई प्रकरण में उन्हें जमानत मिली थी। अब अदालत द्वारा सभी आरोपों से बरी किए जाने के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है।
बरी होने के बाद अरविंद केजरीवाल ने कहा कि उन्होंने जीवन भर ईमानदारी की राजनीति की है और उन पर लगाए गए आरोप निराधार थे। उन्होंने कहा कि आज का निर्णय यह साबित करता है कि सत्य को दबाया नहीं जा सकता। साथ ही उन्होंने केंद्र सरकार पर लोकतांत्रिक मूल्यों से खिलवाड़ न करने की अपील भी की।
आम आदमी पार्टी छत्तीसगढ़ की प्रदेश उपाध्यक्ष सुखमंती सिंह तथा कोरबा लोकसभा अध्यक्ष रमाशंकर मिश्रा ने संयुक्त बयान में कहा कि यह फैसला सत्य, संघर्ष और ईमानदार राजनीति की जीत है। उन्होंने कहा कि “यह केवल दो नेताओं की व्यक्तिगत जीत नहीं, बल्कि देश के संविधान और न्याय व्यवस्था की मजबूती का प्रमाण है।”

रायपुर सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों में पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा निर्णय के स्वागत में मिठाइयां बांटी गईं और खुशी का इजहार किया गया। पार्टी पदाधिकारियों ने कहा कि वे भविष्य में भी जनहित के मुद्दों पर मजबूती से आवाज उठाते रहेंगे और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध रहेंगे।
रमाशंकर मिश्रा,
लोकसभा अध्यक्ष, कोरबा
आम आदमी पार्टी, छत्तीसगढ़




