Breaking Newsअन्य राज्यआगराइंदौरइलाहाबादउज्जैनउत्तराखण्डगोरखपुरग्राम पंचायत बाबूपुरग्वालियरछत्तीसगढ़जबलपुरजम्मू कश्मीरझारखण्डझाँसीदेशनई दिल्लीपंजाबफिरोजाबादफैजाबादबिहारभोपालमथुरामध्यप्रदेशमहाराष्ट्रमेरठमैनपुरीयुवाराजनीतिराजस्थानराज्यरामपुररीवालखनऊविदिशासतनासागरहरियाणाहिमाचल प्रदेशहोम

घटाई पंचायत घटई में अवैध रेत उत्खनन के खिलाफ ग्रामीणों का जोरदार विरोध

तहसील भरतपुर जिला मनेंद्रगढ़ छत्तीसगढ़

घटाई पंचायत घटई में अवैध रेत उत्खनन के खिलाफ ग्रामीणों का जोरदार विरोध

सरपंच ने प्रति हाइवा 10 हजार और पोकलेन पर 1 लाख का जुर्माना ठोका, पुलिस को सौंपी जानकारी

(पढिए जिला एमसीबी ब्यूरो चीफ मनमोहन सांधे की खास खबर)

छत्तीसगढ़ के छत्तीसगढ़ राज्य के मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिला (एमसीबी) अंतर्गत भरतपुर विकासखंड की ग्राम पंचायत घटई में अवैध रेत उत्खनन को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिला। शनिवार को बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने एकत्र होकर नदी में चल रहे अवैध उत्खनन कार्य का खुलकर विरोध किया और तत्काल कार्रवाई की मांग उठाई।

ग्रामीणों ने क्षेत्र की जिला पंचायत सदस्य एवं कृषि स्थायी समिति की सभापति श्रीमती सुखमंती सिंह को फोन कर मौके पर बुलाया। साथ ही ग्राम पंचायत घटई के सरपंच विजय सिंह एवं पंचों को भी घटनास्थल पर उपस्थित कराया गया। जनप्रतिनिधियों के पहुंचने पर ग्रामीणों ने अवैध रेत खनन से होने वाले पर्यावरणीय नुकसान और राजस्व हानि को लेकर अपनी नाराजगी व्यक्त की।

निरीक्षण में मिली अनियमितताएं

मौके पर पहुंचकर जिला पंचायत सदस्य, सरपंच और पंचों ने रेत खदान का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि बिना वैध अनुमति के नदी में पोकलेन मशीन लगाकर गहराई तक खुदाई की जा रही थी। मौके पर आवश्यक अनुमति पत्र और दस्तावेज उपलब्ध नहीं पाए गए।

ग्रामीणों का आरोप है कि रेत माफिया नियमों की अनदेखी कर मनमाने तरीके से उत्खनन कर रहे थे, जिससे नदी का स्वरूप बिगड़ रहा है और भविष्य में जलसंकट की स्थिति उत्पन्न हो सकती है।

सरपंच ने लगाया जुर्माना, गाड़ियां पंचायत परिसर में खड़ी करने का आदेश

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सरपंच विजय सिंह ने अपने अधिकारों का उपयोग करते हुए प्रति हाइवा 10,000 रुपये तथा पोकलेन मशीन पर 1 लाख रुपये का जुर्माना घोषित किया। साथ ही संबंधित वाहनों को ग्राम पंचायत घटई परिसर में खड़ा करने के निर्देश दिए गए।

सरपंच ने पोकलेन चालक से स्पष्ट शब्दों में पूछा कि बिना अनुमति के नदी में मशीन कैसे उतारी गई। वैध परमिशन दस्तावेज प्रस्तुत न कर पाने पर उत्खनन कार्य तत्काल बंद करा दिया गया।

प्रशासन और पुलिस को दी गई सूचना

घटना की जानकारी दूरभाष एवं व्हाट्सएप के माध्यम से खनिज विभाग के अधिकारियों, एसडीएम तथा जनकपुर थाना प्रभारी को दी गई। सूचना मिलने पर कुंवारपुर पुलिस चौकी प्रभारी रविनंद सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।

जिला पंचायत सदस्य सुखमंती सिंह ने पुलिस अधिकारियों को पूरी वस्तुस्थिति से अवगत कराते हुए संबंधित वाहनों को पुलिस के सुपुर्द करने की बात कही। साथ ही ग्रामीणों से शांति बनाए रखने और किसी भी प्रकार की असंवैधानिक गतिविधि से दूर रहने की अपील की।

ग्रामीणों की मांग – अवैध उत्खनन पर स्थायी रोक

ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि ग्राम पंचायत घटई क्षेत्र में अवैध रेत उत्खनन पर स्थायी रोक लगाई जाए और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाएं दोबारा न हों।

गौरतलब है कि जिले के विभिन्न क्षेत्रों में समय-समय पर अवैध रेत खनन की शिकायतें सामने आती रही हैं, जिससे पर्यावरणीय संतुलन और शासन की राजस्व व्यवस्था दोनों प्रभावित होती हैं। अब देखना होगा कि प्रशासन इस मामले में क्या ठोस कदम उठाता है।

Related Articles

Back to top button