*कलेक्टर ने कार्य में लापरवाही बरतने पर पशु चिकित्सा विस्तार अधिकारी जयसिंहनगर को नोटिस जारी करने के दिए निर्देश*
शहडोल जिला मध्यप्रदेश

राजस्व अधिकारी प्राथमिकता के साथ करें राजस्व वसूली – कलेक्टर
कलेक्टर ने कार्य में लापरवाही बरतने पर पशु चिकित्सा विस्तार अधिकारी जयसिंहनगर को नोटिस जारी करने के दिए निर्देश
समय – सीमा की बैठक संपन्न
रिपोर्टर – (संभागीय ब्यूरो चीफ) चंद्रभान सिंह राठौर
शहडोल/7 नवंबर 2022/
कलेक्टर वंदना वैद्य ने जिले के राजस्व विभाग के सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि राजस्व प्रकरणों का निराकरण तथा राजस्व वसूली प्राथमिकता के आधार करना सुनिश्चित करें, जिससे शासन के खातों में राजस्व ज्यादा से ज्यादा जमा हो सके। इसी प्रकार राजस्व प्रकरण, नक्शा तरमीम, नामांतरण, बंटवारा, पट्टा वितरण, अविवादित नामांतरण, ऋण पुस्तिका का वितरण प्राथमिकता के आधार पर किया जाए। जिससे जिले के लोगों को राजस्व प्रकरण का निराकरण समय पर होने पर उन्हें सुविधा मिल सके। उक्त निर्देश कलेक्टर वंदना वैद्य ने दिन सोमवार को कलेक्टर कार्यालय के विराट सभागार में आयोजित समय-सीमा की बैठक में अधिकारियों को दिए।
बैठक में कलेक्टर ने पशुधन कुक्कुट विकास निगम की राजस्व वसूली के संबंध में उप संचालक पशु चिकित्सा सेवा अधिकारी से जानकारी प्राप्त की। जिस पर उन्होंने बताया कि जनपद पंचायत जयसिंहनगर में पशुधन कुक्कुट विकास निगम की राजस्व वसूली नहीं की गई है। इस संबंध में कलेक्टर ने तहसीलदार जयसिंहनगर से जानकारी प्राप्त की। जिस पर तहसीलदार ने बताया कि पशु चिकित्सा विस्तार अधिकारी साकेत मिश्रा द्वारा मुझे किसी भी प्रकार की जानकारी नहीं दी गई है तथा उनके द्वारा पशुधन कुक्कुट विकास निगम की कोई भी राजस्व वसूली में सहायता भी नहीं दी गई है जिस पर कलेक्टर ने नाराजगी व्यक्त करते हुए पशु चिकित्सा विस्तार अधिकारी को कारण बताओ नोटिस देने के निर्देश उपसंचालक पशु चिकित्सा सेवा को दिए।
बैठक में कलेक्टर ने मुख्यमंत्री जन सेवा अभियान के प्रकरणों को निराकरण करने के निर्देश संबंधित विभाग के अधिकारियों को दिए तथा उन्होंने कहा कि जल्द से जल्द जो पात्र हितग्राही हैं, उन्हें विभिन्न योजनाओं का लाभ दिलवाना सुनिश्चित करें, जिससे पात्र हितग्राहियों को जल्द से जल्द शासकीय योजनाओं का लाभ प्राप्त हो सके।
बैठक में कलेक्टर ने खाद, कृषि, सहकारिता, शिक्षा, जनजातीय कार्य विभाग पशु, चिकित्सा सेवा, जल संसाधन, स्वास्थ्य, आयुष्मान कार्ड सहित अन्य विभिन्न विभागों की समीक्षा की और परिणाम मूलक उपलब्धि सुनिश्चित करने के अधिकारियों के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राम स्नेही पांडेय, उपसंचालक सामाजिक न्याय शिवेंद्र सिंह परिहार, डीपीसी डॉ.मदन कुमार त्रिपाठी, सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग आनंद राय सिन्हा, उप संचालक पशु चिकित्सा सेवा डॉ. व्हीव्हीएस चौहान, उप संचालक कृषि आर.पी. झारिया, प्रबंधक ई गवर्नेंस स्वप्निल कुमार जैन, लोकसेवा प्रबंधक अवनीश दुबे सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।




