*सामूहिक सहभागिता से अभियान का सफल क्रियान्वयन सुनिश्चित करें-कलेक्टर*
अनुपपुर जिला मध्यप्रदेश

*सामूहिक सहभागिता से अभियान का सफल क्रियान्वयन सुनिश्चित करें-कलेक्टर*
*हर घर तिरंगा, अंकुर व ऊर्जा साक्षरता अभियान की कलेक्टर ने की समीक्षा*
अनुपपुर जिला से ब्यूरो चीफ विकास सिंह राठौर की रिपोर्ट
अनूपपुर 01 अगस्त 2022/ आजादी के अमृत महोत्सव के तहत जनजागरूकता के लिए चलाए जा रहे हर घर तिरंगा अभियान स्वच्छ पर्यावरण के लिए संचालित किए जा रहे अंकुर अभियान तथा ऊर्जा संरक्षण के लिए संचालित ऊर्जा साक्षरता अभियान के जिले में सफल क्रियान्वयन हेतु कलेक्टर सुश्री सोनिया मीना की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित नर्मदा सभागार में बैठक का आयोजन किया गया।
बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री सोजान सिंह रावत, जनजातीय कार्य विभाग के सहायक आयुक्त श्री पी.एन. चतुर्वेदी, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एस.सी. राय, जिला शिक्षा अधिकारी श्री तुलाराम आर्मो, सर्व शिक्षा अभियान के जिला परियोजना समन्वयक श्री हेमन्त खैरवाल, जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक श्री उमेश पाण्डेय, जनजातीय कार्य विभाग के मंडल संयोजक श्री सतीश तिवारी, जिला शहरी विकास अभिकरण की परियोजना अधिकारी सुश्री स्नेहा जायसवाल, सहायक संचालक कृषि श्रीमती वर्षा त्रिपाठी, एनआरएलएम के डीपीएम श्री शशांक प्रताप सिंह, शा. तुलसी महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर श्री विक्रम सिंह बघेल सहित सर्व संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
कलेक्टर सुश्री सोनिया मीना ने राज्य शासन के द्वारा संचालित हर घर तिरंगा अभियान, अंकुर अभियान व ऊर्जा साक्षरता अभियान के संबंध में विभागीय अधिकारियों से चर्चा की गई तथा तीनों ही महत्वपूर्ण अभियानों को सम्पूर्ण समर्पण के साथ जिले में बेहतर क्रियान्वयन सुनिश्चित करने पर बल दिया गया।
कलेक्टर सुश्री सोनिया मीना ने जनजातीय कार्य विभाग, शिक्षा विभाग, स्वास्थ्य विभाग, महिला बाल विकास विभाग को अपने अमले के साथ अभियान के अंतर्गत उल्लेखनीय कार्य करने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि झण्डा संहिता प्रक्रिया के संबंध में आम जनों को जनजागरूक करने के लिए दक्षता प्रशिक्षण देकर लोगों को झण्डा संहिता से अवगत कराया जाए।
उन्होंने विभागीय अधिकारियों को हर घर तिरंगा के अंतर्गत विविध गतिविधियां आयोजित करने अंकुर अभियान अंतर्गत पौधरोपण करने तथा ऊर्जा साक्षरता अभियान के अंतर्गत ऊर्जा संरक्षण व स्वच्छ पर्यावरण में भागीदारी के लिए ऊषा एप को डाउनलोड कर अधिक से अधिक लोगों का पंजीयन कराने तथा पाठ्यक्रम से जुड़कर ऊर्जा मित्र प्रमाण पत्र प्राप्त करने के लिए लोगों को प्रेरित करने के संबंध में निर्देश दिए गए।
कलेक्टर सुश्री सोनिया मीना ने विकासखण्ड स्तरीय अधिकारियों तथा नगरीय क्षेत्रों में मुख्य नगरपालिका अधिकारियों को हर घर तिरंगा, अंकुर अभियान व ऊर्जा साक्षरता अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपेक्षा व्यक्त की गई। उन्होंने कहा कि इन अभियानों से आम नागरिकों व्यापारियों तथा स्वयंसेवी संगठनों एवं जनप्रतिनिधियों को जोड़कर सामूहिक सहभागिता सुनिश्चित की जाए।
बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री सोजान सिंह रावत ने हर घर तिरंगा अभियान, अंकुर अभियान व ऊर्जा साक्षरता अभियान के संबंध में जानकारी देते हुए अधिकारियों को सक्रिय प्रयासों के संदर्भ में निर्देश दिए गए।
उन्होंने कहा कि अभियान के तहत आयोजित की जा रही गतिविधियों का व्यापक प्रचार-प्रसार भी सुनिश्चित किया जाए।




