*जिला कलेक्टर निर्देशानुसार शासकीय विद्यालयों के समर कैंप में बच्चों की उत्साह पूर्वक रही भागीदारी*
तहसील रघुराजनगर जिला सतना मध्य प्रदेश

*जिला कलेक्टर निर्देशानुसार शासकीय विद्यालयों के समर कैंप में बच्चों की उत्साह पूर्वक रही भागीदारी*
(पढ़िए तहसील रघुराज नगर से संवाददाता पियुषा सिंह बघेल की रिपोर्ट)
मध्य प्रदेश जिला सतना में 12 मई 2022 को कलेक्टर अनुराग वर्मा के निर्देशानुसार सतना जिले के 19 शासकीय विद्यालयों में प्राईवेट विद्यालयों की तर्ज पर ग्रीष्म कालीन छुट्टियो मे छात्रों के लिए 21 मई 2022 तक समर कैंप का आयोजन किया जा रहा है। रविवार के दिन अवकाश रहेगा।
इसी श्रृंखला में महारानी लक्ष्मीबाई शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में विद्यालयीन छात्र-छात्राओं को आमंत्रित कर प्रातः 7 बजे से 9 बजे तक विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। जिसमें ऐरोबिक, पीटी, जुम्बा, खेल, नाटक के माध्यम से बच्चों का मनोरंजन के साथ प्रशिक्षित भी किया जा रहा है। इसी प्रकार शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय अमरपाटन में छात्र-छात्राओं और उनके अभिभावक भी समर कैंप की गतिविधियों में बढ़-चढ़ कर हिस्सा ले रहें हैं। यहां पर प्रशिक्षक के रुप में व्यायाम निर्देशक नरेन्द्र कुमार सोनी और सीपी सिंह द्वारा समर कैंप की गतिविधियों में रुचि लेकर बड़ी लगन के साथ योगाभ्यास जैसी गतिविधियों के माध्यम से कैंप का संचालन किया जा रहा है। विद्यालय के प्राचार्य द्वारा लगातार छात्रों, अभिभावकों और शिक्षकों को समर कैंप में शामिल होने के लिये प्रेरित किया जा रहा है।
इसी तरह कलेक्टर श्री वर्मा के निर्देशानुसार शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मैहर में ग्रीष्मकालीन अवकाश का सदुपयोग कर प्रातः कालीन समय में समर कैंप का आयोजन किया जा रहा है। कैंप में नियुक्त प्रशिक्षकों द्वारा विभिन्न गतिविधियों के द्वारा छात्र-छात्राओं में रचनात्मक क्रियाशीलता की भावना उत्पन्न की जा रही है। विद्यालय के प्राचार्य ने बताया कि समर कैंप की गतिविधियों में छात्र-छात्रायें बड़े ही उत्साह के साथ शामिल हो रहे हैं और अपना मनोरंजन कर रहे हैं। समर कैंप के आयोजन का उद्देश्य बच्चों का मनोरंजन करने के साथ ही साथ उनके व्यक्तित्व का सर्वांगीण विकास करना भी है। जिससे वे विभिन्न सह-शैक्षणिक गतिविधियों में दक्ष हो सकें।