*धौलपुर ( राजस्थान )-नहीं रुक रहा अवैध बजरी माफियाओं का आतंक,पुलिस पर की फायरिंग*
धौलपुर जिला राजस्थान

धौलपुर ( राजस्थान )-नहीं रुक रहा अवैध बजरी माफियाओं का आतंक,पुलिस पर की फायरिंग
धौलपुर जिले में चाहे पुलिस द्वारा बजरी के अवैध दोहन को रोकने के लिये पुलिस लाख जतन कर रही हो लेकिन बजरी माफियाओं का दुस्साहस एवं आतंक कम होने का नाम नहीं ले रहा है। आमजन के साथ पुलिस पर भी हमला करने से बजरी माफिया नहीं चूक रहे हैं। ऐसा ही मामला शुक्रवार को घटित हुआ है। जेल फाटक के पास अस्थाई पुलिस चौकी पर तैनात पुलिसकर्मियों पर बेलगाम बजरी माफियाओं ने फायरिंग शुरू कर दी।
पुलिस पर फायरिंग करते हुए तीन से चार ट्रैक्टर ट्रॉलियों का काफिला मौके से फरार हो गया। पुलिस चौकी पर तैनात पुलिसकर्मियों ने घटना की सूचना कोतवाली थाना पुलिस को दी। कोतवाली थाना पुलिस ने बजरी माफियाओं का जैसे पीछा किया तो पुलिस पर भी अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। बजरी माफिया वाटर वर्क्स चौराहे से होते हुए मचकुंड रोड एवं आरटीओ चेकपोस्ट की तरफ फरार हो गए।
लेकिन पुलिस के दबाव को देख आरटीओ चेक पोस्ट के पास एक बजरी माफिया से ट्रैक्टर ट्रॉली बेकाबू होकर पलट गया। पुलिस ने बजरी माफिया को गिरफ्तार कर ट्रैक्टर ट्रॉली को कब्जे में ले लिया है।

कोतवाली थाना प्रभारी राजेश पाठक ने बताया थाना इलाके के गेट फाटक के पास अस्थाई पुलिस चौकी पर तैनात पुलिसकर्मियों पर बजरी माफियाओं ने फायरिंग शुरू कर दी।

बजरी माफिया फायरिंग करते हुए फरार हो गए। पुलिस चौकी पर तैनात जवानों ने घटना की सूचना कोतवाली थाना पुलिस को दी। टीम गठित कर बजरी माफियाओं का पीछा किया। उन्होंने बताया तीन से चार ट्रैक्टर ट्रॉली ओं का काफिला वाटर वर्क्स चौराहे से होते हुए मचकुंड रोड़ एवं एनएच 3 पर आरटीओ चेक पोस्ट की तरफ फरार हो गए।

उन्होंने बताया पुलिस टीम लगातार बजरी माफियाओं का पीछा करती रही, इस दौरान बजरी माफिया पुलिस पर फायरिंग करते रहे। बजरी माफियाओं का दुस्साहस ऐसा बड़ा कि ट्रैक्टर ट्रॉली को पुलिस पर भी चढ़ाने का प्रयास किया। लेकिन आरटीओ चेक पोस्ट के पास एक बजरी माफिया से ट्रैक्टर ट्रॉली का संतुलन बिगड़ने पर पलट गया।

पुलिस ने मौके से बजरी माफिया को गिरफ्तार कर ट्रैक्टर ट्राली को बरामद कर लिया है। उन्होंने बताया फरार बजरी माफियाओं को पुलिस ने चिन्हित कर लिया है। जिन्हें शीघ्र गिरफ्तार किया जाएगा। उधर बजरी माफियाओं द्वारा सरे बाजार की गई फायरिंग से बाजार में दहशत फैल गई।




