रांपा धान खरीदी केंद्र में गोलमाल, 40 किलो की बोरी में 41 किलो से अधिक वजन — किसानों से लूट
तहसील भरतपुर जिला मनेंद्रगढ़ छत्तीसगढ़

रांपा धान खरीदी केंद्र में गोलमाल, 40 किलो की बोरी में 41 किलो से अधिक वजन — किसानों से लूट
(पढिए जिला एमसीबी ब्यूरो चीफ मनमोहन सांधे की खास खबर)
छत्तीसगढ़ राज्य के जिला एमसीबी अंतर्गत धान खरीदी केंद्र रांपा में धान खरीदी प्रक्रिया के दौरान गंभीर अनियमितताओं का मामला सामने आया है। बीते कई दिनों से इस केंद्र को लेकर लगातार शिकायतें मिल रही थीं, जिनकी पुष्टि अब निरीक्षण के दौरान हुई है।
नियमानुसार धान खरीदी में एक बोरी का मानक वजन 40 किलोग्राम निर्धारित है, लेकिन रांपा धान खरीदी केंद्र में तौल के दौरान बोरियों का वजन 41 किलोग्राम से अधिक पाया गया।
इससे स्पष्ट होता है कि किसानों से तय मानक से अधिक धान लिया जा रहा है, जिसे लेकर किसानों ने खुली लूट का आरोप लगाया है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला पंचायत सदस्य एवं कृषि स्थायी समिति की सभापति श्रीमती सुखमंती सिंह स्वयं धान खरीदी केंद्र रांपा पहुंचीं और धान खरीदी प्रक्रिया का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान वजन में गड़बड़ी की पुष्टि होने पर उन्होंने तत्काल भरतपुर एसडीएम श्री शशि शेखर मिश्रा को फोन पर पूरे मामले की जानकारी दी।
एसडीएम श्री मिश्रा ने मामले को गंभीर मानते हुए फूड इंस्पेक्टर श्री सदानंद को मौके पर पहुंचकर जांच करने और उचित कार्रवाई के निर्देश दिए।

इसके बाद फूड इंस्पेक्टर ने धान खरीदी केंद्र पहुंचकर अपने समक्ष बोरियों की तौल करवाई, जिसमें मानक से अधिक वजन सहित कई प्रकार की अनियमितताएं सामने आईं।

इस पूरे मामले ने कई अहम सवाल खड़े कर दिए हैं—
तय वजन से अधिक धान की कटौती कैसे हो रही है?
यह पूरा खेल किसके संरक्षण में चल रहा है?
क्या जिम्मेदार अधिकारियों की मिलीभगत से किसानों को नुकसान पहुंचाया जा रहा है?

स्थानीय किसानों में इस घटना को लेकर भारी आक्रोश है और वे निष्पक्ष व कठोर जांच की मांग कर रहे हैं।
अब देखना यह होगा कि प्रशासन और संबंधित विभाग इस गंभीर मामले में क्या ठोस कार्रवाई करते हैं या फिर यह मामला भी फाइलों में दबकर रह जाएगा।




