घटई मलकडोल में अवैध रेत उत्खनन तेज, प्रशासन की चुप्पी पर उठे सवाल
तहसील भरतपुर जिला मनेंद्रगढ़ छत्तीसगढ़

घटई मलकडोल में अवैध रेत उत्खनन तेज, प्रशासन की चुप्पी पर उठे सवाल
(पढिए जिला एमसीबी ब्यूरो चीफ मनमोहन सांधे की खास खबर)
छत्तीसगढ़ एमसीबी जिला के भरतपुर विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत घटई एवं मलकडोल में इन दिनों अवैध रेत उत्खनन जोरों पर होने की शिकायतें सामने आ रही हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि बड़े-बड़े मशीनों और पोकलेन के माध्यम से खुलेआम रेत का दोहन किया जा रहा है, जबकि स्वीकृति केवल साधारण तरीके से (बिना मशीनरी) रेत उठाव की दी गई थी।
ग्रामीणों के अनुसार, ठेकेदारों द्वारा नियमों की अनदेखी कर भारी मशीनों का उपयोग किया जा रहा है, जिससे नदियों का स्वरूप बिगड़ रहा है और पर्यावरणीय संतुलन पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। ग्रामवासियों का कहना है कि इस संबंध में कई बार प्रशासन को अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।
ओदारी नदी क्षेत्र में बढ़ा खतरा

ग्रामीणों ने बताया कि रेत उत्खनन का कार्य ओदारी नदी की सीमा से सटे क्षेत्र में किया जा रहा है, जिससे नदी तट और समीप निर्मित पुलिया को क्षति पहुंचने की आशंका है। यदि समय रहते रोकथाम नहीं की गई तो भविष्य में बड़े हादसे की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।
जनप्रतिनिधियों से की गई शिकायत

मामले को लेकर ग्रामीणों ने जिला पंचायत सदस्य श्रीमती सुखमंती सिंह से संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन उनके क्षेत्र से बाहर होने के कारण मुलाकात नहीं हो सकी। ग्रामीणों का आरोप है कि प्रशासनिक उदासीनता के चलते ठेकेदारों की मनमानी लगातार जारी है।
राजनीतिक प्रतिक्रिया और आंदोलन की चेतावनी
मामले ने अब राजनीतिक रूप ले लिया है। आम आदमी पार्टी के लोकसभा अध्यक्ष रमाशंकर मिश्रा ने चेतावनी दी है कि यदि अवैध उत्खनन पर शीघ्र रोक नहीं लगाई गई तो पार्टी द्वारा विरोध प्रदर्शन एवं उग्र आंदोलन किया जाएगा, जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।

ग्रामीणों ने शासन से मांग की है कि अवैध रेत उत्खनन पर तत्काल रोक लगाई जाए और दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि पर्यावरण संरक्षण एवं ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।




