धान खरीदी में लापरवाही के विरोध में आम आदमी पार्टी का मुख्यमंत्री निवास घेराव
तहसील भरतपुर जिला मनेंद्रगढ़ छत्तीसगढ़

धान खरीदी में लापरवाही के विरोध में आम आदमी पार्टी का मुख्यमंत्री निवास घेराव
(पढिए जिला एमसीबी ब्यूरो चीफ मनमोहन सांधे की खास खबर)
तीन लाख किसानों की धान खरीदी न होने का आरोप मांगें पूरी न होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी
छत्तीसगढ़ प्रदेश में धान खरीदी को लेकर किसानों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है। आम आदमी पार्टी के नेतृत्व में बड़ी संख्या में किसानों ने राजधानी पहुंचकर मुख्यमंत्री निवास का घेराव किया। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि प्रदेश में लगभग तीन लाख किसानों की धान अब तक नहीं खरीदी गई है, जिससे किसान आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं।
एमसीबी जिला भरतपुर विकासखंड से लोकसभा अध्यक्ष रमा शंकर मिश्रा, ब्लॉक अध्यक्ष राजू सिंह, सरपंच नंदा सिंह, इंद्रभान सिंह, शारदा प्रसाद भुरटिया, राम नारायण बैगा सहित आम आदमी पार्टी के कई पदाधिकारी और किसान इस आंदोलन में शामिल हुए। सभी ने एक स्वर में राज्य सरकार पर किसान विरोधी नीति अपनाने का आरोप लगाया।

प्रदर्शनकारियों ने कहा कि धान खरीदी केंद्रों में टोकन जारी होने के बावजूद कई किसानों की उपज नहीं ली गई, जिससे उन्हें भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है। किसानों का कहना है कि कर्ज, खाद-बीज और पारिवारिक जिम्मेदारियों के बीच धान का भुगतान न होना उनकी स्थिति को और गंभीर बना रहा है।
आंदोलन के दौरान मुख्यमंत्री निवास के बाहर नारेबाजी की गई और ज्ञापन सौंपकर मांग की गई कि जिन किसानों की धान अब तक नहीं खरीदी गई है, उनकी तत्काल खरीदी सुनिश्चित की जाए तथा भुगतान में देरी न हो।
आम आदमी पार्टी के नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि सरकार शीघ्र ही किसानों की मांगों को पूरा नहीं करती है तो प्रदेशव्यापी उग्र आंदोलन किया जाएगा, जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।


किसानों ने सरकार से धान खरीदी की पारदर्शी व्यवस्था बनाने, लंबित खरीदी तत्काल शुरू करने तथा किसानों को आर्थिक राहत देने की मांग की है। अब देखना यह होगा कि सरकार इस मुद्दे पर क्या कदम उठाती है और किसानों की नाराजगी को किस तरह दूर करती है।




