गढ़वार-कंजिया धान खरीदी केंद्र का निरीक्षण: किसानों की समस्याओं के समाधान को लेकर अधिकारियों की संयुक्त पहल
तहसील भरतपुर जिला मनेंद्रगढ़ छत्तीसगढ़

गढ़वार-कंजिया धान खरीदी केंद्र का निरीक्षण: किसानों की समस्याओं के समाधान को लेकर अधिकारियों की संयुक्त पहल
(पढिए जिला एमसीबी ब्यूरो चीफ मनमोहन सांधे की खास खबर)
छत्तीसगढ़ राज्य जिला एमसीबी भरतपुर विकासखंड अंतर्गत आदिम जाति सेवा सहकारी समिति मर्यादित गढ़वार कंजिया स्थित धान खरीदी केंद्र में मंगलवार को जिला पंचायत सदस्य एवं कृषि स्थायी समिति की सभापति श्रीमती सुखमंती सिंह, आम आदमी पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष तथा कृषि विशेषज्ञों की टीम ने संयुक्त रूप से निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान धान खरीदी प्रणाली, टोकन व्यवस्था एवं किसानों की समस्याओं की विस्तार से जानकारी ली गई।
अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने किसानों से चर्चा कर यह सुनिश्चित करने का प्रयास किया कि खरीद केंद्र में किसी भी किसान को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
श्रीमती सिंह ने कहा कि प्रशासन और शासन द्वारा संचालित योजनाओं का लाभ हर पात्र किसान तक पारदर्शिता के साथ पहुंचे, यह प्राथमिकता है। उन्होंने केंद्र प्रभारी एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि टोकन वितरण, वजन प्रक्रिया और भुगतान से संबंधित कार्य सुचारू, साफ-सुथरे और नियमों के अनुरूप किए जाएं।
किसान प्रतिनिधियों ने अधिकारियों को बताया कि धान बेचने के लिए टोकन उपलब्धता एवं समय-सीमा जैसी समस्याओं का समाधान किया जाए, जिससे उन्हें बार-बार केंद्र के चक्कर न लगाने पड़ें। इस पर निरीक्षण दल ने आश्वासन दिया कि किसानों की समस्याओं का तत्काल निराकरण किया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान आम आदमी पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष और कृषि विभाग के कर्मचारियों ने भी किसानों को सरकारी योजनाओं के लाभ, समर्थन मूल्य पर बिक्री और आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी दी।
अंत में अधिकारियों ने कहा कि किसानों की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है और केंद्र पर होने वाली सभी प्रक्रियाओं में पारदर्शिता व जवाबदेही सुनिश्चित की जाएगी।




