जिला स्तरीय सीएम राइज कन्या उ.मा.वि. धवारी में प्रवेशोत्सव नव प्रवेशी छात्रों को तिलक लगाकर किया स्वागत सम्मानित
सतना जिला मध्य प्रदेश

जिला स्तरीय सीएम राइज कन्या उ.मा.वि. धवारी में प्रवेशोत्सव नव प्रवेशी छात्रों को तिलक लगाकर किया स्वागत सम्मानित
(पढिए राजधानी एक्सप्रेस न्यूज़ हलचल आज की सच्ची खबरें)
मध्य प्रदेश जिला सतना में 1 अप्रैल 2025/को जिले के सभी विद्यालयों में 1 अप्रैल को स्कूल_चले_अभियान के तहत प्रवेशोत्सव कार्यक्रम से नवीन शैक्षणिक सत्र का शुभारंभ किया गया।
जिले के सीएम राइज कन्या उ.मा.विद्यालय धवारी में आयोजित जिला स्तरीय प्रवेशोत्सव के कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्री रामखेलावन कोल, महापौर श्री योगेश ताम्रकार, कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती सुस्मिता सिंह परिहार भी शामिल हुए। उन्होंने नव प्रवेशी छात्र-छात्राओं का गुलाल से तिलक लगाकर स्वागत किया और निःशुल्क पाठ्य पुस्तकों के सेट का वितरण किया।

इस अवसर पर शिक्षा समिति के सदस्य डॉ. पंकज सिंह परिहार, जिला शिक्षा अधिकारी टीपी सिंह, डीपीसी विष्णु त्रिपाठी, प्राचार्य सुभाषचन्द्र मिश्रा सहित शिक्षक-शिक्षिकायें, छात्रायें एवं उनके अभिभावक उपस्थित रहे।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्री रामखेलावन कोल ने कहा कि बच्चों के लिए आज का दिन अत्यंत पवित्र और महत्वपूर्ण होता है। पहले के समय में स्कूल के पहले दिन पाटी पूजा हुआ करती थी।
अब स्कूल का प्रवेशोतसव सरकारी तौर पर मनाया जाने लगा है।
प्रवेशोत्सव की शुभकामनायें देते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष ने बच्चों से कहा कि परीक्षा में कितने प्रतिशत अंक लाना है।
इसका लक्ष्य अभी से निर्धारित करें और अध्ययन में जुट जाये तो सफलता मिलना सुनिश्चित है।
महापौर श्री योगेश ताम्रकार ने कहा कि व्यक्ति में संस्कार उनके जन्म के साथ ही शुरू हो जाते हैं। स्कूल जाना भी एक संस्कार है।
भारतीय संस्कृति समूचे विश्व में श्रेष्ठ है। इसलिए शिक्षा में संस्कार का समावेश होना जरूरी होता है।
जिला पंचायत उपाध्यक्ष सुस्मिता सिंह परिहार ने कहा कि शिक्षकों की भूमिका राष्ट्र के भविष्य निर्माण और आने वाली पीढी को सही दिशा देने में महत्वपूर्ण होती है।
जिले में स्कूल नियमित रूप से खुले और अध्ययन, अध्यापन हो ताकि जिले का रिजल्ट बेहतर हो सके।
कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस ने कहा कि केन्द्र और राज्य की सरकारों द्वारा शिक्षा के क्षेत्र को लगातार प्रोत्साहित किया जा रहा है।
स्कूल चले हम कार्यक्रम के प्रवेशोत्सव पर कलेक्टर ने छात्रों को सफलता के दो मूलमंत्र मेहनत और हिम्मत के टिप्स दिये। उन्होंने कहा कि मेहनत में प्रतिदिन स्कूल जायें, कक्षा में जो भी पढे उसे ध्यान से सुने, नोटबुक में नोट करें। पढाई के अलावा खेलकूद, सांस्कृतिक गतिविधियों में भी भाग लें। घर में पढाई अवश्य करें।
जिस कक्षा में आप है उसमें 2 का भाग देकर जितना प्रतिफल आये उतने घंटे प्रतिदिन पढाई के लिए नियत करें। किसी विषय को रटने के बजाय समझने का प्रयास करें, लिखने की प्रैक्टिस करें और हर सप्ताह रिवीजन भी करें।
घर में माता-पिता के कार्यों में भी हाथ बढाये और उनका आदर करें।
कलेक्टर ने सफलता के दूसरे मंत्र हिम्मत के संबंध में दो उदाहरण देते हुए कहा कि असफलता से कभी निराश न हो।
हार नहीं माननी चाहिए बल्कि असफलता से सीख लेकर दुगने प्रयास से कोशित करें।
कार्यक्रम में सीएम राइज कन्या उ.मा. विद्यालय के प्राथमिक शाला जवाहर नगर के नव प्रवेशी छात्र-छात्राओं का तिलक कर स्कूल में स्वागत किया गया।
इसके साथ ही उन्हें पाठ्य पुस्तकों का सेट भी प्रदान किया गया।
जिला समन्वयक जिला शिक्षा केन्द्र विष्णु त्रिपाठी ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार एक अप्रैल से 4 अप्रैल तक सभी स्कूलों में प्रवेशोत्सव कार्यक्रम मनाये जा रहे हैं।
प्रथम दिन प्रवेशोत्सव के दौरान नव प्रवेशी छात्रों का तिलक गुलाल से स्वागत कर पाठ्य पुस्तकें प्रदान की जायेगी।
दूसरे दिन 2 अप्रैल को जिले के प्रथम श्रेणी, द्वितीय श्रेणी अधिकारी अपने आवंटित स्कूल में जाकर भविष्ट से भेंट कार्यक्रम में बच्चों से संवाद करेंगे और प्रोत्साहन देंगे।
तीसरे दिन विद्यालय स्तर पर खेलकूद गतिविधियों का आयोजन किया जायेगा और 85 प्रतिशत से अधिक अंक लाने वाले विद्यार्थियों के पालकों का सम्मान होगा।
इसी प्रकार 4 अप्रैल को अकादमिक सत्र 2025 में कक्षोन्नति नहीं होने वाले छात्रों एवं शाला के बाहर के बच्चों को आमंत्रित कर शाला प्रबंध समिति के साथ शत-प्रतिशत नामांकन के लिए कार्य योजना तैयार की जायेगी।




