जिले भर में 13 अगस्त से 15 अगस्त तक हर घर तिरंगा अभियान
सतना जिला मध्य प्रदेश

*जिले भर में 13 अगस्त से 15 अगस्त तक हर घर तिरंगा अभियान*
(पढ़िए जिला सतना क्राइम ब्यूरो चीफ रोहित त्रिपाठी की रिपोर्ट)
9 अगस्त से 30 अगस्त तक चलेगा मेरी माटी मेरा देश अभियान
जिला भर में 13 अगस्त से 15 अगस्त तक हर घर तिरंगा अभियान
समय सीमा की बैठक में कलेक्टर ने दिये तैयारियों के निर्देश
मध्य प्रदेश जिला सतना में 7 अगस्त 2023/भारत सरकार द्वारा वर्ष 2023 में 9 अगस्त से 30 अगस्त तक की अवधि में अमृत महोत्सव समापन समारोह के अवसर पर मेरी माटी मेरा देश अभियान और 13 अगस्त से 15 अगस्त तक हर घर तिरंगा अभियान चलाया जायेगा। सोमवार को समय सीमा की सम्पन्न बैठक में कलेक्टर श्री अनुराग वर्मा ने कार्यक्रमों की विस्तृत तैयारियॉं करने के दिशा-निर्देश दिये हैं।

इस अवसर पर आयुक्त नगर निगम अभिषेक गहलौत, एसडीएम आरती यादव, एपी द्विवेदी, नीरज खरे, आरएन खरे, एसके गुप्ता, सुधीर बेक, सुरेश जादव, आरती सिंह सहित जनपद के सीईओ और नगरीय निकायों के सीएमओ तथा विभाग प्रमुख अधिकारी उपस्थित थे।
समय सीमा प्रकरणों की बैठक में जानकारी दी गई कि मेरी माटी मेरा देश अभियान की शुरूआत 9 अगस्त को ध्वजा रोहण, राष्ट्रगान से होगी। ग्रामीण क्षेत्रों में प्रत्येक ग्राम पंचायत में वसुधा वाटिका विकसित करने जल संरचना के नजदीक 75 पौधों का रोपण किया जायेगा।
स्थल का चयन अमृत सरोवर, पुष्कर धरोहर या अन्य किसी तालाब और शासकीय भवन के परिसर में जल की उपलब्धता वाले स्थान पर किया जायेगा। गांव के अमर शहीद, स्वतंत्रता सेनानी, सुरक्षा बलों के शहीद, सैनिकों की याद में शिलाफलकम का लोकार्पण किया जायेगा। 9 अगस्त को ध्वजा रोहण से पूर्व प्रभात फेरी निकालकर गांव की मिट्टी कलश में संग्रहित कर जनपद स्तर पर जमा करायेंगे। जनपद पंचायत की सभी ग्राम पंचायतों से एकत्र की गई मिट्टी को कलश में एकत्र कर वालिंटियर के माध्यम से दिल्ली भेजा जायेगा।
भारत सरकार द्वारा इस वर्ष भी 13 अगस्त से 15 अगस्त तक हर घर तिरंगा अभियान चलाया जायेगा। अभियान का मुख्य उद्देश्य देशवासियों को प्रेरित कर घर पर ध्वज लगाने और राष्ट्रीय ध्वज के बारे में जागरूकता लाना है। कलेक्टर श्री वर्मा ने अधिकारियों को आवश्यकतानुसार ध्वज की मांग भेजने तथा स्थानीय स्तर पर तैयार कर सभी उचित मूल्य की दुकानों में उपलब्ध कराने के निर्देश दिये हैं।
मुख्यमंत्री सीखो कमाओ योजना की समीक्षा में बताया गया कि सतना में अभी 29 युवाओं को बेंडर द्वारा आफर लेटर दिये गये हैं। कलेक्टर ने वेन्डरों का पंजीयन और वेकेंसी और भी बढ़ाने के निर्देश दिये है। मुख्यमंत्री लाडली बहना योजना की समीक्षा में कलेक्टर ने कहा कि 10 अगस्त को रीवा जिले में राज्य स्तरीय कार्यक्रम में हितग्राहियों को इस माह की किश्त डाली जायेगी।
राज्य स्तरीय समारोह का सीधा प्रसारण सभी ग्राम पंचायत एवं वार्डों में दिखाने की व्यवस्था की जाये। जिला कार्यक्रम अधिकारी ने बताया कि सतना जिले की हितग्राही 3 लाख 71 हजार लाडली बहनों के खाते में प्रतिमाह लगभग 36 करोड़ रूपये की राशि अंतरित हो रही है।
कलेक्टर ने जिले में सातों विधानसभा क्षेत्र में चल रहे मतदाता सूची विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्य की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि 10 अगस्त तक सभी सेक्टर मजिस्ट्रेट अपने मतदान केन्द्रों में जाकर लोगों के बीच मतदाता सूची वाचन का कार्य पूर्ण कर ले। बीएलओ को ताकीद करे कि 30 अगस्त तक प्रतिदिन कार्यालयीन समय में अपने निर्धारित मतदान केन्द्र पर ही बैठेंगे। अन्यथा कार्यवाही प्रस्तावित करें।




