*जिला कलेक्टर ने हर्ष उल्लास के साथ 73 वें गणतंत्र दिवस पर किया ध्वजारोहण एवं परेड की ली सलामी*
सतना जिला मध्य प्रदेश

*जिला कलेक्टर ने हर्ष उल्लास के साथ 73 वें गणतंत्र दिवस पर किया ध्वजारोहण एवं परेड की ली सलामी*
(पढ़िए रीवा संभाग से ब्यूरो चीफ पवन गुप्ता की रिपोर्ट)
मध्य प्रदेश के अंतर्गत जिला सतना में आज 26 जनवरी 2022 को सतना जिले में 73 वां गणतंत्र दिवस हर्ष और उल्लास के साथ समारोह पूर्वक मनाया गया। पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित मुख्य समारोह में कलेक्टर श्री अनुराग वर्मा ने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली। समारोह के मुख्य अतिथि कलेक्टर श्री वर्मा ने सफेद सुसज्जित जिप्सी में पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह और रिजर्व इंस्पेक्टर सत्य प्रकाश मिश्रा के साथ परेड का निरीक्षण किया। समारोह में विशेष सशस्त्र बल, जिला पुलिस बल एवं नगर सेना ने आकर्षक मार्च पास्ट एवं हर्ष फायर किया।
जिले के मुख्य समारोह में कलेक्टर अनुराग वर्मा ने ठीक प्रातः 9 बजे राष्ट्रगान की धुन के बीच ध्वजारोहण किया। उन्होंने शांति और समृद्धि के प्रतीक गुब्बारे भी मुक्त आकाश में विचरण के लिए छोड़े। परेड में विशेष सशस्त्र बल, जिला पुलिस बल और होमगार्ड की कुल 9 प्लाटूनें शामिल रहीं। परेड का नेतृत्व परेड कमांडर रक्षित निरीक्षक सत्य प्रकाश मिश्रा ने किया।
समारोह के मुख्य अतिथि कलेक्टर श्री वर्मा ने प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान के संदेश का वाचन किया। सशस्त्र बल की टुकड़ी ने राष्ट्रगान की धुन पर तीन बार हर्ष फायर किया। मार्च पास्ट के बाद शासन की महत्वपूर्ण योजना एवं विकास कार्यक्रमों का सचित्र चित्रण करती 10 आकर्षक झांकियां भी निकाली गई।
*लाड़ली लक्ष्मी योजना की झांकी ने सबका मन मोहा*
सतना जिले के गणतंत्र दिवस के मुख्य कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा तैयार की गई लाड़ली लक्ष्मी योजना की सजीव झांकी और उसकी प्रस्तुतियों ने सबका मन मोह लिया। पुरस्कार वितरण में लाड़ली लक्ष्मी योजना 2.0 की इस झांकी को प्रथम स्थान मिला और दर्शकों की वाहवाही भी खूब मिली। झांकियों में दूसरा पुरस्कार केंद्रीय जेल की आजादी का अमृत महोत्सव झांकी को और तीसरा पुरस्कार जिला पंचायत सतना की ग्रामीण विकास आजीविका संवर्धन की झांकी को मिला।
परेड के आर्म्ड वर्ग में प्रथम पुरस्कार जिला पुलिस बल सतना, द्वितीय पुरस्कार एसएफ-5 बटालियन सतना और तीसरा पुरस्कार जिला होमगार्ड सतना को मिला। इसी प्रकार परेड अन-आर्म्ड में प्रथम पुरस्कार एकेएस यूनिवर्सिटी एनसीसी गर्ल्स, द्वितीय पुरस्कार शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय एनसीसी ब्वॉयज और तीसरा पुरस्कार एकेएस यूनिवर्सिटी एनसीसी ब्वॉयज को प्रदान किया गया। कार्यक्रम का संचालन परियोजना अधिकारी डॉ गौरव शर्मा ने किया।
इस मौके पर सांसद श्री गणेश सिंह, पूर्व महापौर ममता पांडेय, जिला अध्यक्ष नरेंद्र त्रिपाठी, पूर्व विधायक सुरेंद्र सिंह गहरवार, आयुक्त नगर निगम तन्वी हुड्डा, सीईओ जिला पंचायत डॉ परीक्षित राव, वनमंडलाधिकारी विपिन पटेल, अपर कलेक्टर राजेश शाही, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र कुमार जैन, एसडीएम सुरेश जादव, आरके गुप्ता, डिप्टी कलेक्टर नीरज खरे सहित गणमान्य नागरिक, स्थानीय प्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी एवं पत्रकारगण उपस्थित थे।
*स्वतंत्रता सेनानियों एवं शहीद सैनिकों के परिजनों का घर में हुआ सम्मान*
राज्य शासन के निर्देशानुसार नोवल कोरोना वायरस (कोविड-19) को ध्यान में रखते हुए कलेक्टर द्वारा नामांकित प्रतिनिधियों, राजस्व अधिकारियों ने जिले के स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, कारगिल में शहीद हुए सैनिकों के परिवारजनों एवं प्रदेश के लोकतंत्र सेनानियों को उनके घर जाकर शॉल-श्रीफल से सम्मानित किया।