*सतना कलेक्टर के द्वारा आदेश जारी गरीब हितग्राहियों को पात्रतानुसार लाभ देने के लिए लगवाए जाएंगे कैंप*
सतना जिला मध्य प्रदेश

⚡हितग्राहियों को पात्रतानुसार लाभ देने कैंप लगायें- कलेक्टर⚡
———
सतना 01 दिसम्बर 2021/कलेक्टर अजय कटेसरिया ने बुधवार को नगर निगम द्वारा संचालित शासन की हितग्राही मूलक कल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा के दौरान कहा कि नगर निगम अंतर्गत पात्रता अनुरूप योजनाओं के लाभ से अब तक वंचित लोगों को लाभान्वित करने विशेष कैंप लगाएं।
कलेक्टर ने कहा कि पेंशन योजनाओं की समीक्षा में विधवा पेंशन स्कीम और दिव्यांग जनों की पेंशन स्कीम में मानक के अनुरूप हितग्राहियों की संख्या कम है। इन योजनाओं के लाभ से वंचित पात्र लोगों को लाभान्वित करने विशेष कैंप लगाएं। निर्णय अनुसार सोमवार 6 दिसंबर को नगर निगम कार्यालय में पहला कैंप विधवा पेंशन की योजना का लगेगा। विधवा पेंशन का लाभ बहुधा मृत्यु प्रमाण पत्र की अनुपलब्धता पर हितग्राही महिलाओं को नहीं मिल पाता है।
इसलिए कैंप में राजस्व अधिकारियों की उपस्थिति भी रहेगी। जो आवश्यक कार्यवाही कर मौके पर ही मृत्यु प्रमाण पत्र भी बनाएंगे। इस कैंप की सफलता के बाद अगले सोमवार निःशक्तजन दिव्यांगों के लिए शिविर होगा। जिसमें जिला मेडिकल टीम भी दिव्यांग प्रमाण पत्र बनाने मौजूद रहेगी। कलेक्टर ने इन विशेष शिविरों का व्यापक प्रचार-प्रसार भी सुनिश्चित करने को कहा है।
*पेंशन हितग्राहियों का सत्यापन नहीं होने पर अप्रसन्नता*
कलेक्टर अजय कटेसरिया ने नगर निगम द्वारा संचालित सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं की समीक्षा के दौरान पेंशन हितग्राहियों के सत्यापन की कमजोर प्रगति पर गहरी अप्रसन्नता व्यक्त की।
समीक्षा में पाया गया कि एम पेंशन मित्र एप से किए गए पेंशन हितग्राहियों के सत्यापन में निर्धारित लक्ष्य 12 हजार 177 के विरुद्ध अब तक मात्र 42 फ़ीसदी अर्थात 5157 हितग्राहियों का ही सत्यापन किया जा सका है। कलेक्टर ने नगर निगम द्वारा पेंशन योजना के लाभांवित हितग्राहियों की संख्या 13 हजार 94 की ऑफलाइन जानकारी और एम पेंशन मित्र पोर्टल पर दर्ज हितग्राहियों की संख्या 12 हजार 177 की जानकारी की भिन्नता पर भी अप्रसन्नता जताई।
*पीएम स्वनिधि के तीनो चरणों का लाभ उठाने करें प्रेरित*
प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए कलेक्टर श्री कटेसरिया ने निगम के अधिकारियों से कहा कि योजना का लाभ लेने वाले हितग्राहियों को योजना के तीनों चरणों के बारे में भली-भांति समझाएं।
उन्हें बताएं कि योजना के प्रथम चरण में ब्याज मुक्त मिलने वाले 10 हजार रुपये के ऋण को समय पर चुकाने पर द्वितीय चरण ने उन्हें 20 हजार रुपये का ऋण भी मिलेगा। इसी प्रकार द्वितीय चरण के ऋण को चुकाने पर तीसरे चरण में उन्हें 50 हजार रुपये तक का ऋण मिलेगा।
नगर निगम की प्रगति योजना में बेहद धीमी होने पर कलेक्टर ने कहा कि शुक्रवार को नगर निगम में पीएम स्वनिधि योजना का कैंप लगाएं और हितग्राहियों तथा बैंकों के समक्ष कठिनाइयों को दूर करें।
कलेक्टर ने कहा कि पीएम स्वनिधि योजना के आवेदन जमा करने वाले प्रत्येक हितग्राहियों से स्मार्ट सिटी के कॉल सेंटर से बातचीत कर प्रकरण की स्थिति के बारे में जानकारी लेवें।
*रीवा संभाग से ब्यूरो चीफ पवन गुप्ता की रिपोर्ट*




