*सीईओ जिला पंचायत ने सुनी जनसुनवाई में लोगों की समस्याएं*
शहडोल जिला मध्य प्रदेश

सीईओ जिला पंचायत ने सुनी जनसुनवाई में लोगों की समस्याएं
शहडोल/26 अक्टूबर 2021/
कलेक्ट्रेट कार्यालय के सोन सभागार में दिन मंगलवार को मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत मेहताब सिंह गुर्जर ने दूरदराज से आए ग्रामीणों की समस्याएं सुनी तथा समस्याओं के त्वरित निराकरण के निर्देश संबंधित विभाग के विभागीय अधिकारियों को दिए।

जनसुनवाई कार्यक्रम में शहडोल जिले के वार्ड नंबर 2 सोहागपुर निवासी अनुराग वर्मन ने मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत को आवेदन करते हुए बताया कि वे तहसील गोहपारू में प्रोसेस सर्वर के पद पर कार्यरत हैं तथा कुछ लोगों को शासन के नियमानुसार नियमितीकरण कर दिया गया लेकिन उनका नियमितीकरण नहीं हुआ, अतः उन्हें भी नियमित किया जाए। इस पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत ने संबंधित अधिकारी को प्रकरण की जांच कर उचित कार्यवाही करने के निर्देश दिए। इसी प्रकार सोहागपुर की शासकीय भूमि खसरा नंबर 1117/1, 1117/2 एवं 1133 में कुछ लोगों द्वारा अतिक्रमण कर निस्तार बंद करने के संबंध में नीतिन कुमार वर्मन एवं अन्य लोगों ने शिकायत की। इस पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत ने तहसीलदार सोहागपुर को प्रकरण की जांच कर उचित कार्यवाही करने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई कार्यक्रम में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत को ग्राम धरी नंबर-2 निवासी मिथुन लाल बसोर ने आवेदन प्रस्तुत करते हुए बताया कि वे अत्यंत गरीब हैं और परिवार के लालन-पालन में उन्हें बहुत कठिनाई होती हैं, उन्हें स्वीपर के पद पर नियुक्त किया जाए जिससे वह अपने परिवार का भरण पोषण कर सके। इस पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत ने अनुविभागीय अधिकारी राजस्व ब्योहारी को प्रकरण की उचित जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिए। जनसुनवाई कार्यक्रम में लगभग 60 आवेदन प्राप्त हुए तथा उन्हें संबंधित विभाग के विभागीय अधिकारी के पास उचित कार्यवाही हेतु भेजा गया।
जनसुनवाई कार्यक्रम में संयुक्त कलेक्टर दिलीप कुमार पांडेय, सहायक संचालक मत्स्य शिवेंद्र सिंह परिहार, सहायक आयुक्त जनजाति कार्य विभाग रणजीत सिंह, ई पीएचई ए.बी. निगम, डीपीसी डॉ. मदन त्रिपाठी, सहायक संचालक उद्यान मदन सिंह, डीएचओ 2 वाई.के, पासवान, मुख्य नगरपालिका अधिकारी शहडोल अमित कुमार तिवारी, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत सोहागपुर ममता मिश्रा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।




