जिला कलेक्टर राघवेंद्र सिंह ने नागरिकों से रक्तदान शिविरों के सफल आयोजन में सहभागी बनने का आग्रह
जिला जबलपुर मध्य प्रदेश

जिला कलेक्टर राघवेंद्र सिंह ने नागरिकों से रक्तदान शिविरों के सफल आयोजन में सहभागी बनने का आग्रह
(पढिए राजधानी एक्सप्रेस न्यूज़ हलचल आज की सच्ची खबरें)
मध्य प्रदेश जिला जबलपुर में युवाओं से भी की बढ़-चढ़कर रक्तदान करने की अपील.
सेवा पखवाड़ा के पहले दिन एक साथ 13 स्थानों पर लगाये जायेंगे रक्तदान शिविर
कलेक्टर राघवेंद्र सिंह ने सेवा पखवाड़ा की शुरुआत पर बुधवार 17 सितंबर को लगाये जा रहे मेगा रक्तदान शिविरों के सफल आयोजन के लिये जिले के सभी नागरिकों से सक्रिय सहयोग प्रदान करने तथा रक्तदान कर पीड़ित मानवता की सेवा के महायज्ञ में सहभागी बनने का आग्रह किया है।
कलेक्टर श्री सिंह ने रक्तदान को महादान बताते हुये कहा है कि यदि किसी का जीवन रक्तदान कर बचाया जा सकता है तो इससे बड़ी समाज सेवा और कोई नहीं हो सकती। उन्होंने सामाजिक सरोकारों से जुड़े सभी नागरिकों खासतौर पर युवाओं से रक्तदान शिविरों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील करते हुये कहा कि स्वयं रक्तदान करने के साथ-साथ वे अपने साथियों को भी रक्तदान के लिये प्रेरित करें।
ज्ञात हो कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के जन्म दिन 17 सितंबर से राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती 2 अक्टूबर तक आयोजित किये जा रहे सेवा पखवाड़ा अभियान की जिले में शुरुआत रक्तदान शिविरों से शुरू होगी। इस दिन यानी बुधवार 17 सितंबर को जबलपुर शहर में छह शिविरों सहित जिले भर में 13 स्थानों पर रक्तदान शिविर लगाये जायेंगे।
ये रक्तदान शिविर जबलपुर शहर में सदर स्थित सेंट अलायसियस कॉलेज, सिविल लाइन स्थित महाकौशल कॉलेज, कटंगी रोड के समीप स्थित श्री राम इंजियनियरिंग कॉलेज, सिविक सेंटर स्थित गुजराती मंडल, तिलवारा रोड स्थित ज्ञान गंगा इंजियनियरिंग कॉलेज एवं जिला चिकित्सालय में तथा सिविल हॉस्पिटल पाटन, सिविल अस्पताल सिहोरा, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पनागर, शहपुरा, बरगी, कुंडम एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मझौली में लगाये जायेंगे।
कलेक्टर राघवेंद्र सिंह ने सामाजिक एवं स्वैच्छिक संगठनों के सहयोग से आयोजित किये जा रहे इन शिविरों के सुचारू संचालन के लिये नोडल अधिकारियों को नियुक्त किया गया है।




