कंधैली गांव में भीषण आग से तबाही: 9 बकरियां, नवजात बछड़ा एवं गृहस्थी जलकर हुई खाक
थाना शाहनगर जिला कटनी मध्य प्रदेश

कंधैली गांव में भीषण आग से तबाही: 9 बकरियां, नवजात बछड़ा एवं गृहस्थी जलकर हुई खाक
(पढिए जिला कटनी ब्यूरो चीफ ज्योति तिवारी की खास खबर)
परिवार था विवाह समारोह में शामिल, लौटे तो सब कुछ जल चुका था
मध्य प्रदेश जिला कटनी शाहनगर
थाना शाहनगर अंतर्गत कंधैली गांव में मंगलवार की रात एक खपरैल मकान में भीषण आग लगने से 9 बकरियां और एक गाय का नवजात बछड़ा जिंदा जल गए।
इसके साथ ही घर में रखा गृहस्थी का सारा सामान भी राख हो गया। घटना के वक्त परिवार के सदस्य गांव में एक वैवाहिक समारोह में शामिल होने गए थे।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़ित किसान जौहर सिंह (55 वर्ष) एवं पंचम सिंह (50 वर्ष), पिता हल्के सिंह, कंधैली गांव के निवासी हैं। दोनों सगे भाई एक ही मकान में अपने परिवार सहित रहते हैं।
रात लगभग 10 बजे जब वे गांव के मठिया मोहल्ले में एक वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल थे, तभी पड़ोसियों से फोन पर सूचना मिली कि उनके घर में भीषण आग लग गई है।

जब दोनों भाई मौके पर पहुंचे, तो देखा कि आग ने पूरे मकान को अपनी चपेट में ले लिया था। ग्रामीणों की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया गया
लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। आग में 9 बकरियां और पांच दिन पहले जन्मा एक गाय का बछड़ा जिंदा जल गया। साथ ही घर में रखे कपड़े, गहने, नगदी, अनाज, साइकिल, मोटर पंप व अन्य कृषि उपकरण सहित सम्पूर्ण गृहस्थी जलकर नष्ट हो गई।
12 सदस्यीय परिवार के सामने संकट
इस अग्निकांड में दोनों भाइयों के संयुक्त 12 सदस्यीय परिवार का सब कुछ जलकर खाक हो गया है।

फिलहाल परिवार खुले आसमान के नीचे जीवन यापन करने को मजबूर है।
प्रशासन की प्रतिक्रिया
इस संबंध में हल्का पटवारी किरण सिंह ने बताया कि, “मैं स्वयं मौके पर गई थी। दोनों किसानों के नुकसान का पंचनामा बनाकर शाहनगर तहसीलदार को सौंप दिया गया है।
आर.बी.सी. (राजस्व पुस्तक परिपत्र) के तहत जो भी मुआवजा निर्धारित होगा, वह जल्द ही किसानों के खातों में ट्रांसफर किया जाएगा।”




