प्रधानमंत्री करेंगे सतना एयरपोर्ट का वर्चुअल लोकार्पण 31 मई को ऐतिहासिक क्षण, फ्लाई ओला एयरक्राफ्ट भरेगी पहली उड़ान जायजा में जुटा प्रशासन
सतना जिला मध्य प्रदेश

प्रधानमंत्री करेंगे सतना एयरपोर्ट का वर्चुअल लोकार्पण 31 मई को ऐतिहासिक क्षण, फ्लाई ओला एयरक्राफ्ट भरेगी पहली उड़ान जायजा में जुटा प्रशासन
(पढिए राजधानी एक्सप्रेस न्यूज़ हलचल आज की सच्ची खबरें)
मध्य प्रदेश जिला सतना में 31 मई को ऐतिहासिक क्षण, फ्लाई ओला एयरक्राफ्ट भरेगी पहली उड़ान | तैयारियों की समीक्षा में जुटा प्रशासन
सतना, 30 मई 2025।
सतना जिले के लिए 31 मई का दिन ऐतिहासिक बनने जा रहा है, जब प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी प्रदेश को हवाई सेवा की सौगात देते हुए सतना एयरपोर्ट का वर्चुअल माध्यम से लोकार्पण करेंगे। यह कार्यक्रम भोपाल से वर्चुअली संचालित होगा, जिसमें दतिया और सतना के नव-निर्मित हवाई अड्डों का उद्घाटन किया जाएगा।
इस अवसर पर सतना एयरपोर्ट परिसर में स्थानीय स्तर पर एक भव्य समारोह का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा हेतु शुक्रवार को सांसद श्री गणेश सिंह ने कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस. के साथ एयरपोर्ट का निरीक्षण किया। उन्होंने एयरपोर्ट अथॉरिटी और जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ बैठक कर सभी आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
समीक्षा के दौरान पंडाल, बैठक व्यवस्था, पेयजल, सुरक्षा, पार्किंग, और आम जन के सुचारु आवागमन की व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया गया। संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं ताकि कार्यक्रम के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो।

स्थानीय कार्यक्रम 31 मई को प्रातः 10 बजे से आरंभ होगा, जबकि प्रधानमंत्री श्री मोदी द्वारा एयरपोर्ट का वर्चुअल लोकार्पण प्रातः 11 बजे बड़े स्क्रीन पर दिखाया जाएगा। कार्यक्रम में शामिल होने वाले नागरिकों और अतिथियों से प्रातः 9 बजे तक पहुंचने का आग्रह किया गया है।
लोकार्पण के उपरांत फ्लाई ओला एयरक्राफ्ट द्वारा सतना एयरपोर्ट से पहली उड़ान भरी जाएगी, जिसमें जिले की अनुसूचित जनजाति वर्ग की चयनित 6 महिला यात्री सवार होंगी। यह उड़ान सामाजिक समावेशिता और महिला सशक्तिकरण का प्रतीक होगी।

कार्यक्रम की तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। मौके पर अपर कलेक्टर श्री स्वप्निल वानखडे, सीईओ जिला पंचायत सुश्री संजना जैन, नगर निगम आयुक्त शेर सिंह मीना, एएसपी शिवेश सिंह बघेल, एसडीएम राहुल सिलाडिया, जिला कार्यक्रम अधिकारी सौरभ सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष श्री भगवती प्रसाद पाण्डेय, एयरपोर्ट अथॉरिटी डायरेक्टर श्री अशोक गुप्ता एवं उनकी टीम सहित कई विभागीय अधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।




