नगर निगम ने बस स्टैंड के अंतर्गत अतिक्रमण के खिलाफ 29 दुकानदारों पर लगाया जुर्माना एवं की सख्त कार्यवाही
कटनी जिला मध्य प्रदेश

नगर निगम ने बस स्टैंड के अंतर्गत अतिक्रमण के खिलाफ 29 दुकानदारों पर लगाया जुर्माना एवं की सख्त कार्यवाही
(पढिए जिला कटनी ब्यूरो चीफ ज्योति तिवारी की खास खबर)
मध्य प्रदेश जिला कटनी, 27 मई।
नगर की यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के उद्देश्य से नगर निगम द्वारा अस्थाई अतिक्रमण के खिलाफ व्यापक अभियान चलाया गया। सोमवार को चांडक चौक से बस स्टैंड तक पैदल मार्च करते हुए
नगर निगम और ट्रैफिक पुलिस की संयुक्त टीम ने सड़कों और फुटपाथों पर अतिक्रमण कर व्यवसाय कर रहे 29 दुकानदारों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए कुल 5,800 रुपये का जुर्माना लगाया।
नगर निगम अतिक्रमण प्रभारी श्री मानेन्द्र सिंह बघेल ने बताया कि महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी और निगमायुक्त श्री नीलेश दुबे के निर्देश पर यह अभियान चलाया गया। इस दौरान दुकानों के बाहर फुटपाथों पर रखी गई सामग्री को भी जब्त किया गया।

श्री बघेल ने बताया कि इससे पूर्व नगर के विभिन्न मार्गों पर अभियान चलाकर 26 अन्य लोगों पर 5,200 रुपये की चालानी कार्रवाई की गई थी।
अब तक कुल 55 लोगों से 11,000 रुपये का जुर्माना वसूला जा चुका है।
नगर निगम ने ठेला चालकों, फुटपाथ पर सामान रखने वाले दुकानदारों और सड़कों पर बाइक रिपेयरिंग करने वालों को सख्त हिदायत देते हुए चेतावनी दी है कि आगे यदि अतिक्रमण पाया गया तो और कठोर कार्रवाई की जाएगी।
यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने हेतु यह अभियान निरंतर जारी रहेगा।
कार्यवाही के दौरान नगर निगम की अतिक्रमण टीम के साथ ट्रैफिक पुलिस की टीम भी सक्रिय रही।




