मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से प्रशासनिक अधिकारियों को आदेश जारी हर पात्र हितग्राहियों को दे योजनाओं का लाभ
जिला सतना मध्य प्रदेश

मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से प्रशासनिक अधिकारियों को आदेश जारी हर पात्र हितग्राहियों को दे योजनाओं का लाभ
(पढिए राजधानी एक्सप्रेस न्यूज़ हलचल आज की सच्ची खबरें)
प्रदेश में मुख्यमंत्री जन कल्याण अभियान चलेगा 11 दिसम्बर से 26 जनवरी तक – मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री जन कल्याण अभियान में प्रत्येक पंचायत और नगरीय निकाय के वार्डों में लगेंगे शिविर
मुख्यमंत्री ने वीडियो कांफ्रेंसिंग से जन कल्याण अभियान की तैयारियों के लिए
जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों से किया संवाद
मध्य प्रदेश जिला सतना में 8 दिसंबर 2024/प्रदेश में 11 दिसम्बर से 26 जनवरी तक मुख्यमंत्री जन कल्याण अभियान तथा 11 दिसम्बर से 26 दिसम्बर तक मुख्यमंत्री जन कल्याण पर्व मनाया जाएगा।
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने वीडियो कान्फ्रेंसिंग से अभियान की तैयारियों के संबंध में जनप्रतिनिधियों तथा अधिकारियों से संवाद किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अभियान का मुख्य उद्देश्य केन्द्र सरकार और राज्य सरकार की सभी हितग्राहीमूलक योजनाओं के पात्र हितग्राहियों को शत-प्रतिशत लाभान्वित करना है। अभियान 11 दिसम्बर से गीता जयंती से आरंभ होगा।
इसका समापन 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस को होगा। अभियान के दौरान प्रत्येक ग्राम पंचायत और नगरीय निकाय के प्रत्येक वार्ड में शिविर लगाकर हितग्राहियों को लाभान्वित किया जाएगा।
इन शिविरों में भी यदि हितग्राही लाभ पाने से वंचित रह गए तो उन्हें 26 जनवरी को लाभान्वित किया जाएगा।
ग्रामीण क्षेत्रों के लिए जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी और शहरी क्षेत्र के लिए आयुक्त नगर निगम नोडल अधिकारी होंगे।
कलेक्टर पूरे जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्र के शिविरों की तिथियाँ निर्धारित कर प्रिंट और सोशल मीडिया के माध्यम से उनका प्रचार-प्रसार कराएं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रत्येक शिविर के लिए नोडल अधिकारी तथा अधिकारियों के दल तत्काल तैनात कर दें।
प्रत्येक दिन की गतिविधि तथा लाभान्वित हितग्राहियों की जानकारी सीएम हेल्पलाइन पोर्टल पर दर्ज होगी।
विभाग अपनी योजनाओं का लाभ देने के लिए अलग से भी शिविर लगा सकते हैं।
परिवहन विभाग स्कूल और महाविद्यालयों में शिविर लगाकर ड्राइविंग लाइसेंस बनाएं। राजस्व महाभियान अब 15 दिसम्बर को समाप्त नहीं होगा। यह अभियान 26 जनवरी तक चलाया जाएगा।
जन कल्याण अभियान में श्रेष्ठ कार्य करने वाले जिलों, विकासखण्डों, अधिकारियों और कर्मचारियों को गणतंत्र दिवस में सम्मानित किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अभियान के दौरान 11 दिसम्बर से 26 दिसम्बर तक जन कल्याण पर्व मनाया जाएगा।
इस अवधि में अलग-अलग विषयों से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 11 दिसम्बर को गीता जयंती पर गीता पाठ का आयोजन होगा। अभियान के दौरान सरकार की एक वर्ष की उपलब्धियों का प्रचार-प्रसार किया जाए।
लोकार्पण और भूमिपूजन के कार्य भी कराए जाएंगे। वीडियो कान्फ्रेंसिंग से रीवा कलेक्ट्रेट के एनआईसी केन्द्र से भाग लेते हुए
उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा कि मुख्यमंत्री जी विशेष पहल करके यदि स्लीमनाबाद टनल का कार्य पूरा करा दिया जाए तो सतना जिले के लाखों किसान लाभान्वित होंगे।
नवगठित मऊगंज और मैहर जिलों के लिए जिला अस्पताल भवन स्वीकृत हो गए हैं। अभियान के दौरान इनका भूमिपूजन करके निर्माण कार्य शुरू किया जाए।
जिला सतना के एनआईसी कक्ष से महापौर श्री योगेश ताम्रकार, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री रामखेलावन कोल, चित्रकूट नगर परिषद अध्यक्ष सुश्री साधना पटेल, पुलिस अधीक्षक श्री आशुतोष गुप्ता, सीईओ जिला पंचायत सुश्री संजना जैन, अपर कलेक्टर श्री स्वप्निल वानखड़े, निगमायुक्त श्री शेर सिंह मीना सहित अन्य जनप्रतिनिधि तथा संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।