जिला के 3596 शालाओं में अध्ययनरत बच्चों को मिलेगा पीएम पोषण का लाभ
सतना जिला मध्य प्रदेश

*जिला के 3596 शालाओं में अध्ययनरत बच्चों को मिलेगा पीएम पोषण का लाभ*
(पढ़िए जिला सतना ब्यूरो चीफ आशीष गुप्ता की रिपोर्ट)
मध्य प्रदेश जिला सतना में 13 जुलाई 2023/जुलाई से प्रारंभ शैक्षणिक सत्र के दौरान सतना जिले के 3596 शालाओं में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं को दोपहर भोजन के रूप में प्रधानमंत्री पोषण शक्ति निर्माण (पीएम पोषण) योजना का लाभ मिलेगा। कलेक्टर श्री अनुराग वर्मा की अध्यक्षता में गुरूवार को सम्पन्न जिला स्तरीय पीएम पोषण दिशा दर्शी एवं अनुश्रवण समिति की बैठक में योजना का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिये गये। इस मौके पर सीईओ जिला पंचायत डॉ. परीक्षित झाड़े, जिला आपूर्ति अधिकारी केके सिंह भी उपस्थित थे।
. जिला स्तरीय पीएम पोषण अनुश्रवण समिति की बैठक में बताया गया कि जिले की 3596 शालाओं में दर्ज 1 लाख 86 हजार 349 छात्रों को मध्यान्ह भोजन के रूप में योजना का लाभ दिया जा रहा है। इनमें 1991 समूह और 34 शाला प्रबंधन समितियों के माध्यम से निर्धारित मेन्यू के अनुसार मध्यान्ह भोजन दिया जा रहा है। इन शालाओं में 5965 रसोईया भी कार्यरत हैं। 34 शालाओं में 20 छात्र संख्या से कम दर्ज होने पर शाला प्रबंधन समितियां यह कार्य कर रही है।
प्राथमिक शाला के बच्चों पर निःशुल्क चावल के अलावा दाल, सब्जी ईंधन के लिए 5.45 रूपये प्रति छात्र और माध्यमिक शाला के बच्चों पर 8.17 रूपये प्रति छात्र प्रतिदिन व्यय किया जाता है। 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस और 26 जनवरी गणतंत्र दिवस पर छात्रों को विशेष भोज दिया जाता है। जन सहयोग से किसी विशेष अवसर या विशेष दिवस पर क्षेत्र के गणमान्य व्यक्तियों, जनप्रतिनिधि इन शालाओं में तिथि भोज का आयोजन कर सकते हैं। योजना में सभी शालाओं में भोजन का मेनू और बच्चों की माताओं के निरीक्षण रोस्टर अनुसार गुणवत्ता परीक्षण किया जा रहा है।
*यह है पोषण शक्ति का साप्ताहिक मेनू*
पीएम पोषण में स्कूली बच्चों को दिए जाने वाले मध्यान्ह भोजन में विविधता के लिए साप्ताहिक मेनू का निर्धारण किया गया है। इनमें सोमवार को चावल के साथ तुवर की दाल और काबुली चने व टमाटर की सब्जी, मंगलवार को पुलाव के साथ खीर, हलवा और मूंगबड़ी व आलू टमाटर की सब्जी, बुधवार को चावल के साथ चने की दाल एवं मिक्स सब्जी, गुरुवार को वेजिटेबल युक्त पुलाव और पकोड़े वाली कढ़ी, शुक्रवार को चावल के साथ मूंग की दाल और हरे या सूखे मटर, सूखे चने की सब्जी तथा शनिवार को नमकीन बघारे चावल के साथ मिक्स दाल और हरी सब्जी मध्यान्ह भोजन में छात्रों को दी जाती है।




