*जनता की शिकायतों का हो तेजी से निराकरण, हितग्राहियों को मिले लाभ – कलेक्टर*
शहडोल जिला मध्यप्रदेश

जनता की शिकायतों का हो तेजी से निराकरण, हितग्राहियों को मिले लाभ – कलेक्टर
25 दिसम्बर तक मनाया जा रहा सुशासन सप्ताह
सुशासन सप्ताह के क्रियान्वयन के संबंध में ब्यौहारी के सेक्टर अधिकारियों कलेक्टर ने ली बैठक
रिपोर्टर – चंद्रभान सिंह राठौर
शहडोल/20 दिसंबर 2022/
कलेक्टर वंदना वैद्य ने आज जनपद पंचायत ब्यौहारी के सभागार में 25 दिसंबर तक चलाएं जा रहे सुशासन सप्ताह के क्रियान्वयन के संबंध में जनपद पंचायत ब्यौहारी के सभी सेक्टर अधिकारियों की बैठक लेकर निर्देशित करते हुए कहा कि जिले में 19 से 25 दिसम्बर तक सुशासन सप्ताह मनाया जाएगा। हमारे लिए जन-सेवा ही सुशासन है। जन- शिकायतों की अधिकतम संख्या को निपटाने के लिए सरकार की पहल है। जिले में अधिक से अधिक संख्या में जन-शिकायतों एवं सेवा प्रदाय आवेदनों का निस्तारण करने का प्रयास किए जाएं। उन्होंने कहा कि जन-शिकायतों का निवारण करते हुए योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक हितग्राहियों को पहुँचाया जाएगा।

कलेक्टर ने कहा कि सुशासन सप्ताह मनाने का उद्देश्य राज्य सरकार द्वारा प्रदेश में जनता की प्रत्येक समस्या का समाधान किया जाना है। सभी सेक्टर अधिकारी आमजन की समस्याओं का त्वरित निराकरण, योजनाओं का अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों को लाभ दिलाया जाएगा। सप्ताह में जनता की सभी शिकायतों पर तेजी से काम होगा। बैठक में कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सुशासन सप्ताह दिवस में नवाचार किए जाएं। उन्होंने कहा कि पेसा एक्ट के प्रति लोगों को जागरुक करना, लोगों को दागना प्रथा के विरुद्ध शपथ, नशामुक्ति की शपथ दिलाना, जल स्रोतों की साफ सफाई, आंगनवाड़ी केंद्रों में कार्यक्रम आयोजित करना, आभार दिवस, बुजुर्गों का सम्मान, स्कूलों के सामने बीड़ी तंबाकू की दुकान हटवाना, बोरी बंधान जैसे अन्य नवाचार किए जाएं।
बैठक में अपर कलेक्टर अर्पित वर्मा ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सुशासन सप्ताह में सीएम हेल्पलाइन की लंबित प्रकरणों का निराकरण भी करें तथा पोर्टल पर दर्ज किया जाए, प्रकरणों के निराकरण हेतु सभी अधिकारी एक दूसरे का सहयोग करे। उन्होंने सेक्टर ऑफिसरो निर्देशित किया कि सुशासन सप्ताह में किए गए कार्यों एवं सक्सेस स्टोरी भी पोर्टल में अपलोड करना सुनिश्चित करे। उन्होंने कहा कि सक्सेस स्टोरी बेहतर से बेहतर प्रचार प्रसार किया जाए एवं सोशल मीडिया पर भी अपलोड करना सुनिश्चित करेंगे। सभी सेक्टर अधिकारी अपने अपने दायित्व का निर्वहन पूरी ईमानदारी से करें। अगर सुशासन सप्ताह में किसी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। संबंधित के विरुद्ध कड़ी अनुशासनात्मक कार्यवाही की जाएगी।
बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत हिमांशु चंद्र ने आयुष्मान कार्ड की समीक्षा करते हुए कहा कि आयुष्मान कार्ड की प्रगति जनपद पंचायत ब्यौहारी में कम है, सभी अधिकारी प्राथमिकता के आधार पर आयुष्मान कार्ड बनवाया जाए तथा सुशासन सप्ताह के क्रियान्वयन में सभी सेक्टर अधिकारी फिल्ड में समन्वय बनाकर कार्य करें।
बैठक में अनुविभागीय अधिकारी राजस्व ब्योहारी नरेंद्र कुमार धुर्वे, अनुविभागीय अधिकारी पुलिस रवि प्रकाश, खंड चिकित्सा अधिकारी ब्यौहारी डॉ. राजेश सिंह, अनुविभागीय अधिकारी पीडब्ल्यूडी वर्षा मिश्रा, तहसीलदार अभयानंद शर्मा सहित जनपद ब्यौहारी के सभी सेक्टर अधिकारी उपस्थित थे।




