*पुष्पराजगढ़ में उमंग, उत्साह के साथ आयोजित किया गया सामूहिक विवाह कार्यक्रम*
अनुपपुर जिला मध्यप्रदेश

पुष्पराजगढ़ में उमंग, उत्साह के साथ आयोजित किया गया सामूहिक विवाह कार्यक्रम
128 जोड़े परिणय सूत्र में हुए आबद्ध
विधायक तथा जिपं. अध्यक्ष के नेतृत्व में निकली बारात
रिपोर्टर – (संभागीय ब्यूरो चीफ) चंद्रभान सिंह राठौर के साथ विकास सिंह राठौर
अनूपपुर/14 दिसम्बर 2022/
मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत पुष्पराजगढ़ में उमंग, उत्साह के साथ सामूहिक विवाह कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिसमें जनपद पंचायत पुष्पराजगढ़ तथा नगर परिषद अमरकंटक क्षेत्र के 128 जोड़े परिणय सूत्र में आबद्ध हुए।
विधायक पुष्पराजगढ़ फुन्देलाल सिंह मार्को तथा जिला पंचायत अध्यक्ष प्रीति रमेश सिंह, जिला पंचायत उपाध्यक्ष पार्वती वाल्मिकी राठौर, नगर परिषद अमरकंटक की अध्यक्ष पार्वती सिंह, जिला पंचायत सदस्य नर्मदा सिंह, जनपद पुष्पराजगढ़ की अध्यक्ष मिथलेश सिंह मरावी, जनपद की पूर्व अध्यक्ष इन्द्राणी सिंह, उपाध्यक्ष अशोक पाण्डेय, पूर्व जनपद उपाध्यक्ष संतोष पाण्डेय के नेतृत्व में दुर्गा मंदिर प्रांगण से ढोल-नगाड़ों तथा गुदुम बाजा के साथ बारात सामूहिक विवाह स्थल स्वसहायता भवन परिसर पुष्पराजगढ़ पहुंची। जहां पर बारात का भव्य स्वागत किया गया।

बारातियों के स्वागत-सत्कार के लिए प्रशासन द्वारा आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई थीं। वधु पक्ष के घरातियों ने वर पक्ष के परिजनों तथा जनप्रतिनिधिगणों का आत्मीय स्वागत किया। आयोजन में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभय सिंह ओहरिया, एसडीएम पुष्पराजगढ़ विवेक केव्ही, पूर्व जनपद अध्यक्ष हीरा सिंह श्याम, जिला पंचायत सदस्य भुवनेश्वरी देवी, दरोगा सिंह, पूर्व जिला पंचायत सदस्य कोदू सिंह, जनपद पंचायत पुष्पराजगढ़ के मुख्य कार्यपालन अधिकारी आर.के. त्रिपाठी, खण्ड पंचायत अधिकारी जागृत सिंह, एपीओ वरुणेन्द्र सिंह, एएओ दीपक उरमलिया सहित जनप्रतिनिधिगण, पात्र जोड़ों के अभिभावक व परिजन तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक भी उपस्थित थे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक पुष्पराजगढ़ फुन्देलाल सिंह मार्को ने सामूहिक कन्या विवाह कार्यक्रम की सराहना करते हुए परिणय सूत्र में आबद्ध हुए नव दम्पत्तियों को उज्ज्वल भविष्य की मंगल कामना करते हुए बधाई और शुभकामनाएं दी गई। इस अवसर पर जिला पंचायत की अध्यक्ष प्रीति रमेश सिंह ने कहा कि निःशक्त, निर्धन और कमजोर परिवारों की सहायता के लिए सामूहिक विवाह कार्यक्रम महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन बेटियों के सशक्तिकरण की महत्वपूर्ण कड़ी है। इस अवसर पर अनुसूचित जनजाति आयोग के पूर्व अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह मरावी ने राज्य शासन के द्वारा आयोजित किए जा रहे सामूहिक विवाह कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि गरीब परिवार की बेटियों को संबल देने का सरकार का प्रयास सराहनीय है।

उन्होंने इस अवसर पर पेसा एक्ट के संबंध में भी जानकारी दी। पूर्व विधायक सुदामा सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना निःशक्त, निर्धन और कमजोर परिवार की सहायता के लिए आम लोगों की भावना और उनकी भागीदारी को दृष्टिगत रखते हुए प्रारम्भ हुई है। उन्होंने नव दम्पत्तियों को शुभकामनाएं दी। इस अवसर पर अन्य जनप्रतिनिधिगणों ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया।

योजना के तहत सामूहिक विवाह में सम्मिलित पात्र जोड़ों को गृहस्थी के लिए 38 हजार रुपये की घरेलू जीवन उपयोगी सामग्री तथा 11 हजार रुपये का चेक प्रदान करने के साथ ही वैवाहिक कार्यक्रम का खर्चा शासन द्वारा वहन किया जाता है।




