*सामूहिक विवाह कार्यक्रम के आयोजन से गरीब परिवार की बेटियों को संबल देने का कार्य कर रही राज्य सरकार – खाद्य मंत्री बिसाहूलाल सिंह*
अनुपपुर जिला मध्यप्रदेश

सामूहिक विवाह कार्यक्रम के आयोजन से गरीब परिवार की बेटियों को संबल देने का कार्य कर रही राज्य सरकार – खाद्य मंत्री बिसाहूलाल सिंह
मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना की एसडीएम जैतहरी ने दी विस्तार से जानकारी
सामूहिक विवाह कार्यक्रम में 83 वैवाहिक जोड़े परिणय सूत्र में बंधे
रिपोर्टर – (संभागीय ब्यूरो चीफ) चंद्रभान सिंह राठौर
अनूपपुर/09 दिसम्बर 2022/
मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में राज्य सरकार द्वारा सामूहिक विवाह कार्यक्रम के आयोजन से जहां एक ओर गरीब परिवार की बेटियों को संबल देने का कार्य सरकार कर रही है। वहीं बेटियों के सशक्तिकरण करने में सरकार द्वारा भरसक प्रयास किए जा रहे हैं।
उक्ताशय के विचार मध्यप्रदेश शासन के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग के मंत्री बिसाहूलाल सिंह ने जिले के जनपद पंचायत परिसर जैतहरी में आयोजित 83 पात्र जोड़ों के सामूहिक विवाह कार्यक्रम को संबोधित करते हुए व्यक्त किए। इस अवसर पर जिला पंचायत की अध्यक्ष प्रीति सिंह, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभय सिंह ओहरिया, जिला पंचायत की उपाध्यक्ष पार्वती राठौर, जनपद पंचायत जैतहरी के अध्यक्ष राजीव सिंह, नगर परिषद जैतहरी की अध्यक्ष नवरत्नी शुक्ला, नगर परिषद जैतहरी के उपाध्यक्ष रवि राठौर, एसडीएम जैतहरी विजय डेहरिया, विंध्य विकास प्राधिकरण के पूर्व उपाध्यक्ष रामदास पुरी, जिला पंचायत के सदस्य भूपेन्द्र सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी, 83 पात्र जोड़ों के अभिभावक व परिजन तथा बड़ी संख्या में नागरिकगण उपस्थित थे।
जनपद पंचायत परिसर जैतहरी में आयोजित सामूहिक कन्या विवाह कार्यक्रम में जनपद पंचायत जैतहरी, नगरपालिका अनूपपुर, नगर परिषद जैतहरी, नगर परिषद बरगवां (अमलाई) के 83 पात्र जोड़ों का सामूहिक विवाह विधि-विधान अनुसार पुरोहितों द्वारा सम्पन्न कराया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए खाद्य मंत्री बिसाहूलाल सिंह ने कहा कि आम लोगों की भावना और उनकी भागीदारी को दृष्टिगत रखते हुए मध्यप्रदेश शासन के सामाजिक न्याय एवं निःशक्तजन कल्याण विभाग द्वारा दीनदयाल अंत्योदय मिशन के तहत प्रदेश के निःशक्त, निर्धन और कमजोर परिवारों की सहायता के लिए सामूहिक विवाह/निकाह कार्यक्रम संचालित किया जाता है। उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी के पष्चात् सामूहिक विवाह के कार्यक्रम को राज्य शासन द्वारा पुनः प्रारम्भ किया गया है।
उन्होंने इस अवसर पर कहा कि योजना के तहत सामूहिक विवाह में सम्मिलित पात्र पंजीकृत जोड़ों को गृहस्थी की स्थापना के लिए 38 हजार रुपये की घरेलू जीवन उपयोगी सामग्री के साथ ही 11 हजार रुपये का चेक प्रदान किया जाता है। उन्होंने नव दम्पत्तियों को विवाह की बधाई और शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य, खुशहाली तथा समृद्धि की कामना की तथा जिला प्रशासन द्वारा आयोजित सामूहिक कन्या विवाह कार्यक्रम के सफल आयोजन हेतु भी बधाई दी गई।
समारोह को संबोधित करते हुए एसडीएम जैतहरी विजय डेहरिया ने कहा कि वर्ष 2006 में मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना निःशक्त, निर्धन और कमजोर परिवारों की सहायता के लिए आम लोगों की भावना और उनकी भागीदारी को दृष्टिगत रखते हुए प्रारम्भ हुई। उन्होंने इस अवसर पर नव दम्पत्तियों को बधाई और शुभकामनाएं दीं।
गाजे-बाजे के साथ हुआ बारात का स्वागत
मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के अंतर्गत 83 दुल्हों की बारात नगर परिषद चौक जैतहरी से वैवाहिक कार्यक्रम स्थल जनपद पंचायत परिसर जैतहरी तक निकाली गई। जिसमें बारातियों ने झूम-झूम कर नृत्य किया। कार्यक्रम स्थल पर बारात का स्वागत मध्यप्रदेश शासन के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग के मंत्री श्री बिसाहूलाल सिंह के नेतृत्व में किया गया। विवाह की रस्म को पूरा करने के लिए सामग्री शासन की ओर से उपलब्ध कराई गई थी। वहीं वर-वधु पक्ष के खान-पान की व्यवस्था भी सुचारू रूप से की गई थी।
5 जोड़ों का खाद्य मंत्री ने किया कन्यादान
मध्यप्रदेश शासन के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग के मंत्री बिसाहूलाल सिंह ने मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत 5 कन्याओं का कन्यादान किया। उन्होंने इस अवसर पर नव युगलों को उपहार भी भेंट किए।