*पेयजल, खाद्यान्न तथा हर पात्र को पक्का मकान देने सरकार कर रही प्रतिबद्धता के साथ कार्य – खाद्य मंत्री बिसाहूलाल सिंह*
अनुपपुर जिला मध्यप्रदेश

पेयजल, खाद्यान्न तथा हर पात्र को पक्का मकान देने सरकार कर रही प्रतिबद्धता के साथ कार्य – खाद्य मंत्री बिसाहूलाल सिंह
ग्राम मझगवां में खाद्य मंत्री ने 49.73 लाख की नल-जल योजना का किया लोकार्पण
रिपोर्टर – (संभागीय ब्यूरो चीफ) चंद्रभान सिंह राठौर
अनूपपुर/02 दिसम्बर 2022/
सरकार की महत्वाकांक्षी योजना जल जीवन मिशन का जिले में बेहतर क्रियान्वयन के तहत कार्य किया जा रहा है। इसी के तहत जैतहरी जनपद क्षेत्र के ग्राम मझगवां में जल जीवन मिशन अंतर्गत स्वीकृत 49.73 लाख की लागत से निर्मित रेट्रोफिटिंग नल-जल योजना मझगवां का लोकार्पण मध्यप्रदेश शासन के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग के मंत्री बिसाहूलाल सिंह द्वारा किया गया। इस अवसर पर विंध्य विकास प्राधिकरण के पूर्व उपाध्यक्ष रामदास पुरी, त्रिस्तरीय पंचायत राज के जनप्रतिनिधिगण, सिद्धार्थ सिंह, उदय प्रताप सिंह, षिवरतन वर्मा, पुष्पा पटेल, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यपालन यंत्री जितेन्द्र मिश्रा, एसडीओ दीपक साहू तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण जन उपस्थित थे।

कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए मध्यप्रदेश शासन के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग के मंत्री बिसाहूलाल सिंह ने कहा कि हर घर में नल से जल उपलब्ध कराए जाने के तहत सम्पूर्ण प्रदेश के साथ ही जिले में सुविस्तारित कार्य किया जा रहा है। शासन की यह बहुत ही महत्वाकांक्षी योजना है। वर्ष 2024 तक हर घर में नल से जल उपलब्ध कराने के लिए लक्ष्य रखकर सरकार इस दिशा में तत्परता से कार्य कर रही है। अनेक क्षेत्रों में इस योजना के तहत लाभ मिलना भी प्रारम्भ हो गया है।
इसी के तारतम्य में ही मझगवां ग्राम को यह सौगात प्राप्त हुई है। उन्होंने मझगवां ग्रामवासियों को इस उपलब्धि के लिए बधाई देते हुए कहा कि हर-घर नल की व्यवस्था सुचारू बनी रहे, इसके लिए सभी ग्रामवासी सुरक्षा के लिए सजग रहकर पेयजल व्यवस्था पर नजर रखें। उन्होंने इस अवसर पर क्षेत्रीय विकास कार्यों की जानकारी देते हुए अनेक विकास कार्यों की जानकारी साझा की तथा कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में वर्ष 2024 तक हर छूटे गांवों तक शुद्ध पेयजल की आपूर्ति सुनिश्चित करने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पहाड़ी क्षेत्रों में भी नदी-नाल के बहते पानी को रोककर बांध बनाकर उस पानी को फिल्टर कर गांववासियों को शुद्ध पेयजल की आपूर्ति की जाएगी।
उन्होंने कहा कि जिले में योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन के प्रयास हो रहे हैं। कोई भी पात्र व्यक्ति पक्के मकान और हर गांव पेयजल आपूर्ति से वंचित नही रहेगा। इस दिशा में जिले में प्राथमिकता से कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जिले से जो प्रस्ताव नल-जल योजना के संबंध में राज्य शासन स्तर पर स्वीकृति के लिए भेजे गए हैं, उन्हें स्वीकृत कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि मनुष्य के जीवन में खाना, पानी और उसका खुद का पक्का मकान जरूरी है। जिसके लिए सरकार द्वारा प्रतिबद्धता के साथ कार्य किया जा रहा है।




