*मतदाता सूची विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षित कार्यक्रम के अनुसार मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने के लिए आयोजित किए जाएंगे विशेष कैम्प – एडीएम*
अनुपपुर जिला मध्यप्रदेश

मतदाता सूची विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षित कार्यक्रम के अनुसार मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने के लिए आयोजित किए जाएंगे विशेष कैम्प – एडीएम
राजनैतिक दलों तथा मीडिया प्रतिनिधियों को प्रारूप प्रकाशन संबंधी दी गई जानकारी
रिपोर्टर – (संभागीय ब्यूरो चीफ)
चंद्रभान सिंह राठौर
अनूपपुर/09 नवम्बर 2022/
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 01.01.2023 की अर्हता तिथि को दृष्टिगत रखते हुए फोटो निर्वाचक नामावली के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम जारी किया गया है। जिसके अनुसार पुनरीक्षित गतिविधियों के तहत 09.11.2022 को एकीकृत निर्वाचक नामावली का प्रारूप प्रकाशन किया जा रहा है।
उक्ताशय की जानकारी कलेक्ट्रेट सभागार में राजनैतिक दलों एवं मीडिया प्रतिनिधियों के साथ बैठक में अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी सरोधन सिंह ने दी। उन्होंने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग ने अवगत कराया है कि राष्ट्रीय मतदाता दिवस (प्रत्येक वर्ष की 25 जनवरी) के पूर्व निर्वाचक नामावली प्रकाशित की जाती है। ताकि नए मतदाता विशेषकर युवा मतदाता (18-19 वर्ष) को राष्ट्रीय मतदाता दिवस के दिन इपिक का वितरण किया जा सके। साथ ही सभी पुनरीक्षित पूर्व गतिविधियां आयोग के विद्यमान निर्देशों एवं निर्वाचक नामावली संबंधी मेन्युअल 2016 एवं मतदान केन्द्र के मेन्युअल 2020 पर आधारित होगी।
उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि निर्वाचक नामावली तैयार करते समय इस बात का विशेष ध्यान रखा जावे कि कोई भी परिवार छूटा नही हुआ है। सभी पंजीकृत परिवार के सदस्यों को एक ही खण्ड में और एक ही स्थान पर रखा गया है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में विशेष कैम्प 12, 13, 19, 20 नवम्बर को बीएलओ स्तर पर आयोजित किए जाएंगे। दावे एवं आपत्तियों का निराकरण 26 दिसम्बर 2022 तक व नामावली में हेल्थ पैरामीटर को जांचने और अंतिम प्रकाषन के लिए आयोग की अनुमति प्राप्त करना, डाटा बेस को अपडेट करना और परिषिष्टों को मुद्रित करना 03 जनवरी 2023 व निर्वाचक नामावली का अंतिम प्रकाशन 05 जनवरी 2023 को किया जाएगा। उन्होंने इस दौरान मतदान केन्द्रों का युक्तियुक्तकरण व अनुभागों का गठन आदि के संबंध में विस्तार से जानकारी दी तथा राजनैतिक दलों व मीडिया के प्रतिनिधियों से संक्षिप्त पुनरीक्षित कार्यक्रम का प्रचार-प्रसार और जागरूकता की मुहिम सुनिश्चित करने की अपील की।
आज की स्थिति में विधानसभावार मतदाता
जिले के 86-कोतमा विधानसभा क्षेत्र के 199 मतदान केन्द्रों में 75 हजार 112 पुरुष, 71 हजार 498 महिला, 6 थर्ड जेन्डर कुल 146616 मतदाता दर्ज हैं। इसी तरह 87-अनूपपुर विधानसभा क्षेत्र के 222 मतदान केन्द्रों में 86 हजार 147 पुरुष, 81 हजार 951 महिला, 2 थर्ड जेन्डर कुल 168100 मतदाता दर्ज हैं। 88-पुष्पराजगढ़ विधानसभा क्षेत्र के 273 मतदान केन्द्रों में 93 हजार 665 पुरुष, 93 हजार 219 महिला कुल 186884 मतदाता दर्ज हैं।
मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने तथा आधार लिंक की ऑनलाईन व्यवस्था
मतदाता अपना नाम मतदाता सूची में जोड़ने के लिए nvsp.voterhelpline में ऑनलाईन आवेदन कर सकते हैं तथा voter helpline app पर मतदाता स्वयं आधार लिंक कर सकते हैं।




