*जिले में तीन चरणों में होंगे पंचायत चुनाव 25 जून, 01 जुलाई एवं 08 जुलाई को होगा मतदान*
अनुपपूर जिला मध्य प्रदेश

जिले में तीन चरणों में होंगे पंचायत चुनाव
25 जून, 01 जुलाई एवं 08 जुलाई को होगा मतदान
रिपोर्टर – चंद्रभान सिंह राठौर (संभागीय ब्यूरो चीफ)
अनूपपुर/27 मई 2022/
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी (स्थानीय निर्वाचन) सोनिया मीना ने बताया कि मध्यप्रदेश राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा त्रि-स्तरीय पंचायतों के आम निर्वाचन वर्ष 2022 के लिये निर्वाचन कार्यक्रम की घोषणा की गई है, जिसके अनुसार जिले में मतदान तीन चरणों में 25 जून 2022 को जनपद पंचायत पुष्पराजगढ़ क्षेत्र में और 01 जुलाई 2022 को जनपद पंचायत जैतहरी तथा 8 जुलाई 2022 को जनपद पंचायत अनूपपुर, कोतमा क्षेत्र में होंगे।
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी (स्थानीय निर्वाचन) मीना ने बताया कि निर्वाचन की सूचना का प्रकाशन तथा नाम निर्देशन-पत्र प्राप्त करना, स्थानों (सीटों) के आरक्षण के संबंध में सूचना का प्रकाशन, मतदान केन्द्रों की सूची का प्रकाशन तीनों चरणों के लिए 30 मई 2022 को होगा। नाम निर्देशन-पत्र प्राप्त करने की अंतिम तारीख 06 जून 2022 सोमवार प्रातः 10ः30 से अपरान्ह 3 बजे तक है। नाम निर्देशन-पत्रों की संवीक्षा(जांच) 07 जून 2022 मंगलवार प्रातः 10ः30 बजे से होगी।
अभ्यर्थिता से नाम वापस लेने की अंतिम तारीख 10 जून 2022 शुक्रवार को अपराहृ 3 बजे तक है। निर्वाचन लड़ने वाले अभ्यर्थियों की सूची तैयार करना तथा निर्वाचन प्रतीकों का आवंटन का कार्य 10 जून 2022 शुक्रवार को अभ्यर्थिता से नाम वापसी के ठीक बाद किया जाएगा। मतदान (यदि आवश्यक हो) प्रथम चरण के लिये 25 जून 2022 शनिवार और द्वितीय चरण के लिए 01 जुलाई 2022 शुक्रवार तथा तृतीय चरण के लिये 8 जुलाई 2022 शुक्रवार को सुबह 7 बजे से अपराहृ 3 बजे तक होगा।
मतगणना तथा निर्वाचन परिणाम की घोषणा
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी (स्थानीय निर्वाचन) मीना ने बताया कि मतदान केन्द्र पर पंच और सरपंच पद के लिये मतगणना मतदान समाप्ति के तुरंत बाद की जाएगी। विकासखण्ड मुख्यालय पर की जाने वाली मतों की गणना प्रथम चरण के लिए 28 जून 2022 मंगलवार को, द्वितीय चरण के लिए 4 जुलाई 2022 सोमवार को तथा तृतीय चरण के लिए 11 जुलाई 2022 सोमवार को समय प्रातः 8 बजे से होगी।
पंच, सरपंच, जनपद पंचायत सदस्य पद की मतगणना का सारणीकरण तथा निर्वाचन परिणामों की घोषणा, जिला पंचायत सदस्य पद के लिए मतों का विकासखण्ड स्तरीय सारणीकरण तीनों चरणों के लिए 14 जुलाई 2022 गुरूवार प्रातः 10ः30 बजे से की जाएगी। जिला पंचायत सदस्य पद के लिए मतों का जिला मुख्यालय पर सारणीकरण तथा निर्वाचन परिणाम की घोषणा तीनों चरणों हेतु 15 जुलाई 2022 दिन शुक्रवार प्रातः 10ः30 बजे से नियत किया गया है।




