*कोई भी पात्र हितग्राही कल्याणकारी योजनाओं से लाभ से वंचिन न रहें – मुख्यमंत्री*
शहडोल जिला मध्य प्रदेश

कोई भी पात्र हितग्राही कल्याणकारी योजनाओं से लाभ से वंचिन न रहें – मुख्यमंत्री
निर्माण कार्य गुणवत्तापूर्ण होना चाहिए, घटिया निर्माण कार्य बर्दाश्त नही होगें – मुख्यमंत्री
प्रदेश में 1 नवम्बर से चलेगा राजस्व अभिलेखों के शुद्धीकरण का अभियान
संवाददाता – चंद्रभान सिंह राठौर संभागीय ब्यूरो चीफ
शहडोल/20 सितम्बर 2021/
प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि, प्रदेश में कल्याणकारी योजनाओं का क्रियान्वयन प्रभावी तौर पर क्रियान्वित होना चाहिए, पात्र हितग्राहियों को कल्याणकारी योजना का लाभ समय पर मिलना चाहिए, किसी भी स्थित में कल्याणकारी योजनाओं के हितग्राही योजना के लाभ से वंचित न हो इसके प्रयास निरंतर होना चाहिए।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान वीडियों कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कमिश्नर, कलेक्टर्स एवं अधिकारियों को निर्देशित कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि, भ्रमण के दौरान पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ नही मिलने की शिकायत पर जबावदेह अधिकारियों के विरूद्व सख्त कार्यवाही की जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि, प्रदेश में निर्माण कार्य कराए जा रहे हैं, निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ होना चाहिए, घटिया निर्माण किसी भी स्थित में बर्दाश्त नही किये जाएगें। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों की मॉनिटरिंग कलेक्टर्स स्वयं करेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि 01 नवम्बर 2021 से प्रदेश में राजस्व अभिलेखों के शुद्धीकरण का अभियान चलेगा इस अभियान के तहत किसानों के राजस्व अभिलेखों का शुद्धीकरण किया जाएगा। इस अभियान की सभी तैयारियां पूर्ण करें। उन्होंने कहा कि, गुड गवर्नेंस के जितने भी आयाम है सबका लाभ प्रदेश के नागरिकों को समय-सीमा में मिलना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए सीएम हेल्पलाइन की निरंतर मॉनिटरिंग होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि 21 सितम्बर 2021 से प्रदेश के कार्यालयों में पुनः जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित होगा। इसी प्रकार समाधान एक दिन कार्यक्रम भी पुनः प्रारंभ किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि जनजाति समाज के लिए राशन आपके द्वार कार्यक्रम शीघ्र चलाया जाएगा जिसकी तैयारियां की जा रही है। इसी प्रकार वनों के बेहतर प्रबंधन के प्रयास किये जाएगें। मुख्यमंत्री ने कहा कि, कोरोना की दूसरी लहर को नियंत्रित करने में प्रदेश के शासकीय अधिकारियों, कर्मचारियों, चिकित्सकों, स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं ने संयम से प्रशंसनीय कार्य किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मै सभी को बधाई देता हूं। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में प्रथम डोज का वैक्सीनेशन लगभग 82 प्रतिशत हो चुका है इसे और बढाने की आवष्यकता है। उन्होंने कहा कि, वैक्सीनेशन के मामले में मध्यप्रदेश देश के अग्रणी प्रदेश में है, मध्यप्रदेश के वैक्सीनेशन कार्य एवं जन भागीदारी मॉडल को देश भर में सराहना मिली है। उन्होंने कहा कि 27 सितम्बर को प्रदेश में टीकाकरण महा-अभियान चलाया जाएगा जिसमें प्रथम डोज के लक्ष्य को पूर्ण किया जाएगा। इसी प्रकार दिसम्बर माह में टीकाकरण के दूसरे डोज के लक्ष्य को पूर्ण किया जाएगा।
वीडियों कॉन्फ्रेंसिंग में कमिश्नर शहडोल संभाग राजीव शर्मा, एडीजी डीसी सागर, कलेक्टर वंदना वैद्य, पुलिस अधीक्षक अवधेश कुमार गोस्वामी, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत मेहताब सिंह, अपर कलेक्टर अर्पित वर्मा सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।