जिला कलेक्टर कार्यालय में कमीशन भुगतान न होने पर राशन दुकानदारों ने जनसुनवाई में लगाई गुहार
जिला कटनी मध्य प्रदेश

जिला कलेक्टर कार्यालय में कमीशन भुगतान न होने पर राशन दुकानदारों ने जनसुनवाई में लगाई गुहार
(पढिए जिला कटनी ब्यूरो चीफ ज्योति तिवारी की खास खबर)
मध्य प्रदेश जिला कटनी में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) के अंतर्गत संचालित राशन दुकानों के संचालकों की समस्याएं लगातार बढ़ती जा रही हैं।
कटनी शहर के राशन दुकान संचालकों का एक प्रतिनिधिमंडल मंगलवार को कलेक्टर कार्यालय पहुंचा और जनसुनवाई के दौरान अपनी लंबित मांगों को लेकर शिकायत दर्ज कराई।
राशन विक्रेता संघ के अध्यक्ष लक्ष्मीकांत शर्मा ने बताया कि बीते कई महीनों से राशन दुकान संचालकों को शासन द्वारा देय कमीशन राशि का भुगतान नहीं किया गया है। इससे दुकानों के नियमित संचालन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

बिजली बिल, कर्मचारियों का मानदेय, परिवहन और अन्य आवश्यक खर्चों का वहन करना संचालकों के लिए मुश्किल होता जा रहा है।
उन्होंने यह भी बताया कि वर्ष 2013-14 में शासन द्वारा अंतर राशि (डिफरेंस अमाउंट) के भुगतान का स्पष्ट आदेश जारी किया गया था, लेकिन इसके बावजूद अब तक यह राशि संचालकों को प्राप्त नहीं हो सकी है। लंबे समय से लंबित भुगतान के कारण राशन दुकानदार आर्थिक संकट में हैं।

राशन दुकान संचालकों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही कमीशन एवं बकाया अंतर राशि का भुगतान नहीं किया गया, तो वे दुकानों का संचालन जारी रखने में असमर्थ होंगे। इससे आम उपभोक्ताओं को भी राशन वितरण में परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।

संचालकों ने कलेक्टर से मांग की है कि उनकी समस्याओं का शीघ्र निराकरण करते हुए लंबित भुगतान कराया जाए, ताकि सार्वजनिक वितरण प्रणाली सुचारु रूप से संचालित हो सके और आम जनता को किसी प्रकार की असुविधा न हो।




