नगर निगम द्वारा उपलब्ध नि:शुल्क रैन बसेरा सुविधा का लाभ उठाए।
कटनी जिला मध्य प्रदेश

नगर निगम द्वारा उपलब्ध नि:शुल्क रैन बसेरा सुविधा का लाभ उठाए।
(पढिए जिला कटनी ब्यूरो चीफ ज्योति तिवारी की खास खबर)
मध्य प्रदेश जिला कटनी नगर निगम
शीत लहर को देखते हुए नगर की सफाई व्यवस्था में समय-सारणी में बदलाव
कटनी, / नगर में जारी शीत लहर के मद्देनज़र स्वास्थ्य कर्मियों की सुविधा एवं सफाई व्यवस्था को सुचारू रखने हेतु नगर पालिक निगम प्रशासन ने सफाई समय-सारणी में आंशिक संशोधन किया है।
निगमायुक्त तपस्या परिहार के निर्देश पर स्वास्थ्य अधिकारी संजय सोनी द्वारा जारी आदेशानुसार अब प्रात: कालीन प्रथम पाली की सफाई सुबह 6 से 11 बजे तक तथा द्वितीय पाली की सफाई दोपहर 2 से शाम 5 बजे तक की जाएगी।
स्वास्थ्य अधिकारी ने सभी क्षेत्रीय प्रभारियों एवं दरोगाओं को निर्धारित समयानुसार सफाई कार्य सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं।
शीत लहर से राहत हेतु अलाव और रैन बसेरा व्यवस्था लगातार जारी
कटनी, 18 नवंबर 2025। नगर में बढ़ती शीत लहर को देखते हुए नगर निगम प्रशासन द्वारा अलाव एवं रैन बसेरा व्यवस्था को निरंतर सक्रिय रखा गया है।
निगमायुक्त तपस्या परिहार के निर्देशानुसार शहर के प्रमुख चौक-चौराहों—चांडक चौक, मुख्य रेलवे स्टेशन परिसर, जिला चिकित्सालय, बस स्टैंड एवं रैन बसेरा परिसर के बाहर अलाव की समुचित व्यवस्था की गई।
बस स्टैंड स्थित रैन बसेरा में रजाइयों, कंबलों, पानी, साफ-सफाई एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता की नियमित समीक्षा की जा रही है,
ताकि बेघर एवं जरूरतमंद लोग सुरक्षित और गर्म स्थान पर रात्रि व्यतीत कर सकें।
निगम टीम द्वारा विभिन्न अलाव स्थलों पर ईंधन की उपलब्धता का भी निरीक्षण किया जा रहा है।
निगम प्रशासन ने कहा है कि शीत लहर की तीव्रता को देखते हुए इन सेवाओं का विस्तार भी किया जाएगा।
निगमाध्यक्ष एवं निगमायुक्त ने नागरिकों से अपील की है कि कोई भी व्यक्ति खुले में न सोए और नगर निगम द्वारा उपलब्ध नि:शुल्क रैन बसेरा सुविधा का लाभ उठाए।
मच्छर जनित बीमारियों की रोकथाम हेतु विभिन्न क्षेत्रों में फॉगिंग अभियान जारी
कटनी, 18 नवंबर 2025। मौसम में आए अचानक परिवर्तन के बीच नगर में मच्छरों एवं मच्छर जनित रोगों पर नियंत्रण हेतु नगर निगम स्वास्थ्य विभाग द्वारा व्यापक फॉगिंग अभियान चलाया जा रहा है।
निगमायुक्त तपस्या परिहार के निर्देशानुसार सोमवार देर शाम बस स्टैंड, चांडक चौक, बरही रोड, दिलबहार चौक, मुख्य स्टेशन पहुंच मार्ग, सुभाष चौक, जिला चिकित्सालय मार्ग एवं नगर निगम मार्ग सहित अनेक क्षेत्रों में फॉगिंग मशीन द्वारा रासायनिक धुआँ छोड़ा गया।
स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि अभियान से डेंगू, मलेरिया और अन्य मौसमी बीमारियों के प्रसार पर प्रभावी नियंत्रण प्राप्त हुआ है तथा नागरिकों को काफी राहत मिली है।




