*विद्युत सब स्टेशन के बन जाने से बिजली की समस्या से मिलेगी निजात – खाद्य मंत्री बिसाहूलाल सिंह*
अनुपपुर जिला मध्यप्रदेश

विद्युत सब स्टेशन के बन जाने से बिजली की समस्या से मिलेगी निजात – खाद्य मंत्री बिसाहूलाल सिंह
खाद्य मंत्री ने ग्राम देवहरा में विद्युत सब स्टेशन का किया भूमिपूजन
रिपोर्टर – (संभागीय ब्यूरो चीफ) चंद्रभान सिंह राठौर के साथ विकास सिंह राठौर
अनूपपुर/11 दिसम्बर 2022/
जिले के ग्राम धिरौल और पटना सहित आसपास के लगभग 20 से ज्यादा गांव के लोगों को बिजली की बड़ी समस्या थी। अब ग्राम देवहरा में विद्युत सब स्टेशन का निर्माण हो जाने से जल्द ही लोगों को विद्युत की समस्या से छुटकारा मिल जाएगा। उक्ताशय के विचार मध्यप्रदेश शासन के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग के मंत्री बिसाहूलाल सिंह ने ग्राम देवहरा में विद्युत सब स्टेशन के भूमि पूजन कार्यक्रम में व्यक्त किए।
इस अवसर पर एसडीएम अनूपपुर कमलेश पुरी, नगर परिषद बरगवां (अमलाई) की अध्यक्ष गीता गुप्ता, विंध्य विकास प्राधिकरण के पूर्व उपाध्यक्ष रामदास पुरी, जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक के पूर्व संचालक बृजेश गौतम, नगर परिषद बरगवां (अमलाई) के उपाध्यक्ष डॉ. राज तिवारी, तहसीलदार अनूपपुर भागीरथी लहरे, अनिल पटेल, जितेन्द्र सोनी सहित अन्य जनप्रतिनिधि, विद्युत विभाग के अधिकारी – कर्मचारी व नागरिकगण उपस्थित थे।
खाद्य मंत्री बिसाहूलाल सिंह ने कहा कि विद्युत सब स्टेशन बन जाने से देवहरा एवं आसपास के क्षेत्र में लोगों की बुनियादी सुविधाओं का विकास होगा। ग्राम देवहरा में 2 करोड़ 93 लाख रुपए की लागत के 33/11 केव्ही उप केन्द्र का निर्माण एक वर्ष में पूर्ण हो जाएगा। उन्होंने कहा कि उप केन्द्र के बन जाने के बाद बिजली की समस्या से निजात मिलेगी। इससे धिरौल, पटना, देवहरा ग्राम सहित 20 से ज्यादा गांवों के किसानों एवं घरेलू बिजली उपभोक्ताओं को फायदा होगा।