शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला जमथन में छात्रों के बैंक खाते खुले, वित्तीय साक्षरता की ओर बढ़ा एक कदम
जिला मनेंद्रगढ़ छत्तीसगढ़

शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला जमथन में छात्रों के बैंक खाते खुले, वित्तीय साक्षरता की ओर बढ़ा एक कदम
(पढिए जिला एमसीबी ब्यूरो चीफ मनमोहन सांधे की खास खबर)
छत्तीसगढ़ राज्य के जिला एमसीबी अंतर्गत शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला जमथन में विद्यार्थियों के बैंक खाते खोले जाने पर स्कूल परिसर में खुशी की लहर देखने को मिली। बैंक खाते खुलने से छात्र-छात्राओं में न सिर्फ उत्साह नजर आया, बल्कि वे स्वयं को औपचारिक बैंकिंग व्यवस्था से जुड़ा हुआ महसूस करते हुए गर्व भी कर रहे हैं।

कार्यक्रम के दौरान बच्चों से जब संवाद किया गया, तो उन्होंने बताया कि अब वे बैंक से सीधे जुड़े हैं और आवश्यकता पड़ने पर लेन-देन कर सकेंगे। बच्चों का कहना था कि बैंक खाता खुलने से उनकी छात्रवृत्ति एवं अन्य शासकीय सहायता राशि सीधे खाते में जमा होगी, जिससे पैसों का सही उपयोग हो सकेगा और भविष्य में पढ़ाई से जुड़ी जरूरतों को पूरा करने में मदद मिलेगी।
छात्रों ने यह भी कहा कि बैंक खाते के माध्यम से उन्हें बचत की आदत पड़ेगी और वे पैसों के महत्व को समझ सकेंगे।

शिक्षकों का मानना है कि इस पहल से बच्चों में कम उम्र से ही वित्तीय अनुशासन और आत्मनिर्भरता की भावना विकसित होगी। साथ ही, सरकारी योजनाओं का लाभ पारदर्शी तरीके से सीधे विद्यार्थियों तक पहुंच सकेगा।
विद्यालय प्रबंधन एवं शिक्षकों ने बताया कि शासन की मंशा के अनुरूप विद्यार्थियों को बैंकिंग प्रणाली से जोड़ने का उद्देश्य यह है कि छात्र-छात्राएं डिजिटल और औपचारिक आर्थिक व्यवस्था को समझें तथा भविष्य में किसी भी प्रकार की वित्तीय कठिनाई से बच सकें। इससे अभिभावकों को भी राहत मिलेगी, क्योंकि छात्रवृत्ति और अन्य शैक्षणिक सहायता समय पर और सुरक्षित रूप से प्राप्त होगी।

इस अवसर पर बच्चों के चेहरे पर खुशी और आत्मविश्वास साफ झलक रहा था। अभिभावकों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इससे उनके बच्चों का भविष्य सुरक्षित होगा और पढ़ाई के लिए आर्थिक सहयोग सही समय पर मिल सकेगा।
इस सकारात्मक पहल को शिक्षा के क्षेत्र में एक सराहनीय कदम माना जा रहा है, जो बच्चों को न केवल शिक्षा बल्कि वित्तीय जागरूकता की दिशा में भी मजबूत आधार प्रदान करेगा।




