*लक्षित छूटे परिवारों को समूह से जोड़ने 07 से 20 सितंबर तक आजीविका मिशन अंतर्गत सोशल मोबिलाइजेशन कैंपेन*
अनुपपुर जिला मध्यप्रदेश

लक्षित छूटे परिवारों को समूह से जोड़ने 07 से 20 सितंबर तक आजीविका मिशन अंतर्गत सोशल मोबिलाइजेशन कैंपेन
रिपोर्टर – चंद्रभान सिंह राठौर
अनूपपुर/14 सितम्बर 2022/
ग्रामीण विकास मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देशों के अनुसार समस्त राज्यों में स्व सहायता समूह से सेचुरेशन हेतु विशेष अभियान संचालित किये जाने के परिपालन में मध्यप्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन अन्तर्गत लक्षित परिवारों में से ऐसे परिवार जो अभी तक स्व सहायता समूहों से नहीं जुड़े हैं, को समूह में समावेशित करने के लिये सामाजिक संगठन अभियान का संचालन किया जा रहा है।
कलेक्टर सोनिया मीना व जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सोजान सिंह रावत के नेतृत्व व मार्गदर्शन में अभियान का संचालन 07 सितंबर से 20 सितंबर 2022 तक किया जा रहा है।
इस संबंध में जानकारी देते हुए जिला परियोजना प्रबंधक शशांक प्रताप सिंह ने बताया कि सामाजिक संगठन अभियान के दौरान नए स्व सहायता समूहों का निर्माण, स्व सहायता समूहो के बचत खाते खोलने हेतु विशेष प्रयास किये जा रहे हैं,
ताकि कोई भी लक्षित व पात्र परिवार स्व सहायता समूह से जुड़ने से वंचित न रहे। अभियान के दौरान घर घर संपर्क, जागरूकता रैली, स्व सहायता समूहों के परिसंघों ग्राम संगठन व संकुल स्तरीय संगठनों की आम सभाओं का आयोजन भी किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि जिले में अभी तक कुल 3719 स्व सहायता समूहों के अंतर्गत 85771 परिवारों को जोड़ा जा चुका है, साथ ही 557 ग्राम संगठनों व 14 संकुल स्तरीय संगठनों का निर्माण भी किया जा चुका है।
विदित हो कि मध्यप्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन अंतर्गत स्व-सहायता समूहों से जुड़कर सामाजिक व आर्थिक सशक्तिकरण का एक नया अध्याय ग्रामीण महिलायें लिख रही हैं। समूह से जुड़कर महिलाएं न सिर्फ अपनी व अपने परिवार की आजीविका को संवहनीय बना रही हैं, बल्कि सामाजिक बदलाव हेतु भी सक्रिय भूमिका का निर्वहन कर रही हैं। सामाजिक संगठन अभियान में जिले के समस्त विकासखंडों के अंतर्गत मिशन टीम व समूह सदस्यों द्वारा सक्रिय रूप से अभियान का संचालन कर ज्यादा से ज्यादा परिवारों को समूहों से जोड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं।