*आबादी के विकास के लिए बड़ी परियोजनाओं पर कार्य करने की जरूरत – प्रो. चतुर्वेदी*
अनुपपुर जिला मध्यप्रदेश

आबादी के विकास के लिए बड़ी परियोजनाओं पर कार्य करने की जरूरत – प्रो. चतुर्वेदी
सुशासन एवं नीति विश्लेषण संस्थान के उपाध्यक्ष ने कलेक्ट्रेट में की विभागीय क्रियान्वयन की समीक्षा
चंद्रभान सिंह राठौर संभागीय ब्यूरो चीफ
अनूपपुर / दिन मंगलवार दिनांक 17 अगस्त 2021 को जिले के विकास की गति को बढ़ाने के लिए विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन के साथ ही बड़ी परियोजनाओं पर कार्य करने की जरूरत है। नाबार्ड जैसी संस्थान वित्तीय सहयोग कर आबादी के विकास के काम करें तो विकासोन्मुखी परिणाम सामने आएंगे।
उक्ताश्य के विचार मध्यप्रदेश शासन लोक सेवा प्रबंधन विभाग की पंजीकृत संस्था अटल बिहारी बाजपेयी सुशासन एवं नीति विश्लेषण संस्थान के उपाध्यक्ष (केबिनेट मंत्री दर्जा) प्रोफेसर सचिन चतुर्वेदी ने कलेक्ट्रेट स्थित नर्मदा सभागार में आयोजित स्वास्थ्य एवं पोषण, शिक्षा, कृषि एवं सम्बद्ध आजीविका, सामुदायिक संस्थाएं, वित्तीय समावेशन, पलायन, गैर सरकारी संस्थाएं के कार्यों की समीक्षा करते हुए व्यक्त किए। इस अवसर पर कलेक्टर सोनिया मीना, संस्थान के संचालक गिरीश शर्मा, वरिष्ठ सलाहकार राहुल चौधरी, सलाहकार डॉ. सुनील सूर्यवंशी, ऋचा मिश्रा, अपर कलेक्टर सरोधन सिंह, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी मिलिन्द कुमार नागदेवे, वन, स्वास्थ्य, आयुष, जनजातीय कार्य विभाग, लीड बैंक, नाबार्ड, खाद्य, कृषि, मत्स्य, उद्यान, पशु चिकित्सा, आजीविका, महिला एवं बाल विकास, योजना एवं सांख्यिकी तथा स्वयंसेवी संस्था, मैकल वूमेन पोल्ट्री प्रोड्यूसर कंपनी, सृजन, आशा सहित संस्थान के समूह सदस्य उपस्थित थे।
सुशासन एवं नीति विश्लेषण संस्थान के उपाध्यक्ष प्रोफेसर सचिन चतुर्वेदी ने बैठक में कमजोर और वंचित वर्गों के लिए संचालित विकास गतिविधियों की समीक्षा करते हुए कहा कि जिले में अच्छे कार्य करने की अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने कमजोर एवं वंचित वर्गों को स्वावलम्बी बनाने की दिशा में परिणाममूलक कार्य पर बल दिया। उन्होंने कहा कि आजीविका के संवर्धन के लिए जिले में बड़े कार्यों को हाथ में लेने की आवश्यकता है।
उन्होंने महिलाओं, बच्चों, सिकलसेल एनीमिया, स्वास्थ्य के संबंध में चिन्ता व्यक्त करते हुए इन वर्गों को प्रदान सुविधाएं सहज, सरल ढंग से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।प्रोफेसर चतुर्वेदी ने वित्तीय साक्षरता के लिए जनजागरूकता करने के संबंध में कैम्प आयोजित करने व सरल भाषा में लोगों को वित्तीय समावेशन साक्षरता की जानकारी देने के निर्देश दिए। उन्होंने आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को पूरा करने के लिए अधिकारियों को चुनौतीपूर्ण ढंग से कार्य करने के निर्देश दिए।
उन्होंने जिले में स्वसहायता समूह की महिलाओं द्वारा आजीविका संवर्धन के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की तथा कहा कि सिविल सोसायटी आर्गनाईजेशन के सहयोग से समाज की दिशा एवं दशा बदलने के सार्थक प्रयास किए जाएं।
बैठक में योजना क्रियान्वयन विभाग के अधिकारियों तथा सिविल सोसायटी आर्गनाईजेशन के प्रतिनिधियों ने पॉवर प्वाइंट प्रेजेन्टेशन के माध्यम से किए गए कार्यों की जानकारी प्रस्तुत की। इस अवसर पर कलेक्टर सुश्री सोनिया मीना ने बैठक को उपयोगी निरूपित करते हुए प्राप्त निर्देश के अनुरूप योजनाओं के क्रियान्वयन में गति लाकर परिणाममूलक कार्य करने की बात कही।




