*जिला कलेक्टर ने जनसुनवाई में सुनी लोगों की समस्याएं*
शहडोल जिला मध्यप्रदेश

जिला कलेक्टर ने जनसुनवाई में सुनी लोगों की समस्याएं
रिपोर्टर – (संभागीय ब्यूरो चीफ) चंद्रभान सिंह राठौर
शहडोल/4 अक्टूबर 2022/
कलेक्टर वंदना वैद्य ने दिन मंगलवार को कलेक्ट्रेट कार्यालय के सोन सभागार में आयोजित जनसुनवाई में दूरदराज से आए हुए लोगों की समस्याएं सुनी तथा समस्याओं के निराकरण के निर्देश संबंधित विभाग के विभागीय अधिकारियों को दिए। जनसुनवाई कार्यक्रम में संयुक्त कलेक्टर दिलीप कुमार पांडेय, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ० राम स्नेही पांडेय, जिला आपूर्ति नियंत्रक कमलेश टांडेकर, सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग आनंद राय सिन्हा, सहायक संचालक उद्यान मदन सिंह, तहसीलदार के.एल. पनिका सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
जनपद पंचायत सोहागपुर के ग्राम पथरिया टोला के निवासी छोटेलाल रौतेल ने कलेक्टर को बताया कि मेरा क्रेडिट कार्ड जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित से बना हुआ है और नियमित रूप से प्रत्येक वर्ष कर्ज लेने देने हेतु समय पर लेनदेन किया गया है।
परंतु बैंक वालों ने मुझे किसान क्रेडिट कार्ड से बेदखल कर दिया है और वह कह रहे थे कि आपकी जमीन उमरिया जिले में है तो वहीं से किसान क्रेडिट कार्ड बनवाएं, जबकि मैं शहडोल जिले का स्थाई निवासी हूं और मैंने अभी तक यही से नियमित लेन-देन करता था। मेरा किसान क्रेडिट कार्ड शहडोल से ही बना दिया जाए। जिस पर कलेक्टर ने उपायुक्त सहकारिता को पत्र भेजकर उचित कार्रवाई कर दिए।
इसी प्रकार जनपद पंचायत गोहपारू के ग्राम खोलका के निवासियों ने कलेक्टर को आवेदन पत्र सौंपते हुए बताया कि ग्राम खोलका ग्राम पंचायत सूड़बार के जनजातीय निवासी है, उन्होंने बताया कि मोहल्ले में आज भी पेयजल, विद्युत, पुलिया, सड़क की सुविधा उपलब्ध नहीं है तथा हम जनजातियों को जीवन यापन करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है, उन्होंने अपने हेतु पेयजल, विद्युत, पुलिया एवं सड़क की मांग की। जिस पर कलेक्टर ने सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग एवं अन्य संबंधित विभाग के अधिकारियों के पास पत्र प्रेषित करते हुए मौका मुआयना कर उचित कार्यवाही करने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई कार्यक्रम में ग्राम कनवाही जनपद सोहागपुर जिला शहडोल के निवासी परमेश्वर प्रसाद तिवारी ने कलेक्टर को आवेदन प्रस्तुत कर बताया कि वह अपने घर में अकेले जीवन यापन करते हैं तथा उनके घर में कोई भी सदस्य नहीं है, वह आर्थिक रूप से कमजोर है तथा उनके पास आय का कोई साधन नहीं है। उन्होंने कलेक्टर से बीपीएल सूची में नाम जुड़वाने की मांग की। जिस पर कलेक्टर ने तहसीलदार गोहपारू को राशन कार्ड बनाने हेतु उचित कार्यवाही करने के निर्देश दिए। जनसुनवाई कार्यक्रम में अन्य इसी प्रकार 15 आवेदकों ने कलेक्टर के समक्ष अपनी समस्याएं सुनाई जिसकी कलेक्टर ने सुनवाई कर उचित कार्यवाही के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।




